मुनि पुंगव सुधा सागर जी महाराज, जो वर्तमान में अशोकनगर में चतुर्मास कर रहे हैं। वह 2 नवंबर को तीर्थ क्षेत्र थूबोन के लिए प्रस्थान करेंगे। 4 नवंबर को थूबोन पहुंचेंगे। इस यात्रा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
.
रविवार को कलेक्टर आदित्य सिंह, पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ राजेश जैन सहित कई अधिकारियों ने यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने रास्ते में मुनि श्री के विश्राम स्थलों और थूबोन तक की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इसी क्रम में थूबोन में प्रशासनिक अधिकारियों और जैन समाज के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अशोकनगर से थूबोन तक के सड़क मार्ग पर गड्ढों को तत्काल ठीक किया जाए, ताकि यात्रा के दौरान कोई असुविधा न हो। उन्होंने विश्राम स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा की आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को भी कहा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुनि श्री के आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और पार्किंग को लेकर विशेष योजना बनाई जा रही है।
मुनि श्री 108 सुधा सागर जी महाराज 2 नवंबर को अशोकनगर से रवाना होकर 4 नवंबर को श्री दर्शनोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र थूबोन जी पहुंचेंगे। थूबोन जैन तीर्थ क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां मुनिश्री अपने चतुर्मास के बाद पहुंचेंगे।
कलेक्टर आदित्य सिंह और पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने ग्राम तारई, अमरोद और मडखेड़ा में मुनि श्री के विश्राम एवं अन्य व्यवस्थाओं की तैयारियों का निरीक्षण किया।