अस्पताल में सांप के काटने से गंभीर रूप से घायल युवक।
निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर क्षेत्र में रविवार को खेत में काम कर रहे एक किसान को सांप ने काट लिया। किसान संतोष कुशवाहा की हालत गंभीर होने पर उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
.
यह घटना रविवार शाम करीब चार बजे की है। मवई खिरक, पृथ्वीपुर निवासी संतोष कुशवाहा अपने खेत में सिंचाई और जुताई का काम कर रहे थे। इसी दौरान फसल के बीच छिपे एक सांप ने उनके पैर में काट लिया।
सांप के काटते ही संतोष दर्द से तड़पने लगे। परिजनों ने तुरंत उन्हें पृथ्वीपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने एंटी-वेनम इंजेक्शन और प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन जहर शरीर में फैलने के कारण उनकी स्थिति नाजुक होती गई।
गंभीर स्थिति युवक को झांसी रेफर किया गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इस घटना की खबर फैलते ही गांव में लोग संतोष के घर के बाहर जमा हो गए।
ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में सांपों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन को कई बार इसकी जानकारी देने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय लोगों ने खेतों के आसपास सर्पदंश बचाव टीम और एंटी-वेनम दवाओं की व्यवस्था करने की मांग की है ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।
डॉक्टरों ने बताया कि संतोष कुशवाहा को झांसी भेजा गया है, जहां उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।