टीकमगढ़ में बिजली कंपनी वाहन से मोटर पंप लूटे: टीम जब्त करके कार्यालय ले जा रही थी, इंजीनियर ने थाने में शिकायत की – Tikamgarh News

टीकमगढ़ में बिजली कंपनी वाहन से मोटर पंप लूटे:  टीम जब्त करके कार्यालय ले जा रही थी, इंजीनियर ने थाने में शिकायत की – Tikamgarh News


टीकमगढ़ जिले के मोहनगढ़ विद्युत मंडल के अंतर्गत मझगुंवा के बिहार ग्राम में रविवार को बिजली बिल बकायादारों के विद्युत पंप जब्त करने गई टीम पर हमला हुआ। ग्रामीणों ने टीम के वाहन को रोककर जब्त की गई मोटरें छीन लीं। इस दौरान विद्युत कंपनी के कर्मचारियों

.

सहायक अभियंता नितिन बाथम ने मोहनगढ़ थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि टीम अस्थायी कृषि पंप कनेक्शनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बिहार निवासी रामस्वरूप अहिरवार के पास अवैध विद्युत मोटर का उपयोग पाया गया, जिसे विभागीय टीम ने जब्त कर लिया।

पिकअप के सामने बाइक खड़ी कर दी

जब्त की गई मोटरों को कार्यालय ले जाते समय रामस्वरूप अहिरवार, अजय अहिरवार, सोनू अहिरवार और सुकन अहिरवार मौके पर पहुंच गए। उन्होंने टीम के पिकअप वाहन के सामने बाइक रखकर रास्ता रोक लिया। जगभान सिंह यादव ने भी अपनी बोलेरो गाड़ी आगे खड़ी कर दी।

इन चारों व्यक्तियों ने मिलकर विभागीय कर्मचारियों के साथ मारपीट की, जिससे उनके कपड़े फट गए और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। हमलावरों ने विभाग की गाड़ी में तोड़फोड़ भी की, जिसमें नेम प्लेट और साइड ग्लास टूट गए।

हमलावरों ने वाहन से अपनी जब्त मोटर के साथ-साथ पहले से जब्त की गई कुल 7 मोटरें छीन लीं। इनमें गंगाराम यादव, जयराम आदिवासी, कलुआ अहिरवार, जगभान यादव, मंगू यादव, राजू खंगार और रानू सेन की मोटरें शामिल थीं। उन्होंने धमकी दी कि यदि रिपोर्ट दर्ज कराई गई तो हरिजन एक्ट और छेड़छाड़ के झूठे मामले में फंसा दिया जाएगा।



Source link