PV Sindhu Badminton: भारत की स्टार खिलाड़ी पीवी सिंधु ने सोमवार (27 अक्टूबर) को एक बड़ा फैसला किया. उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ ऐसा लिखा, जिसने सबको हैरान कर दिया. दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु ने 2025 में शेष सभी बीडब्ल्यूएफ टूर इवेंट्स से हटने का फैसला किया है. वह अपने पैर की चोट से पूरी तरह से उबरने पर ध्यान केंद्रित कर सकें. यह चोट उन्हें यूरोपीय लेग से ठीक पहले लगी थी. अलग-अलग चोटों के कारण वह बड़े टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन नहीं कर पाई हैं.
पीवी सिंधु ने क्या लिखा?
हैदराबाद की 30 वर्षीय शटलर ने सोमवार को एक बयान में कहा कि यह फैसला उन्होंने अपनी सपोर्ट टीम और जाने-माने स्पोर्ट्स ऑर्थोपेडिस्ट डॉ. दिनशॉ परदीवाला सहित चिकित्सा विशेषज्ञों से विस्तृत परामर्श के बाद लिया है. सिंधु ने कहा, ”अपनी टीम के साथ गहन परामर्श करने और अविश्वसनीय डॉ. परदीवाला के मार्गदर्शन के बाद हमने महसूस किया कि मेरे लिए 2025 के सभी शेष बीडब्ल्यूएफ टूर इवेंट्स से नाम वापस लेना सबसे अच्छा होगा. यूरोपीय लेग से पहले मेरे पैर में जो चोट लगी थी. वह पूरी तरह से ठीक नहीं हुई है और हालांकि इसे स्वीकार करना कभी आसान नहीं होता. चोटें हर एथलीट के सफर का एक अभिन्न अंग हैं. वे आपके धैर्य और लचीलेपन की परीक्षा लेती हैं, लेकिन वे मजबूत वापसी के लिए आग भी जलाती हैं.”
ये भी पढ़ें: खतरे में विराट कोहली का ‘प्रचंड’ रिकॉर्ड… हाथ धोकर पीछे पड़ा ये खूंखार बल्लेबाज, गेंदबाजों की बेरहमी से करता है कुटाई
रिहैबिलिटेशन में व्यस्त हैं सिंधु
2019 की विश्व चैंपियन सिंधु ने बताया कि उनका पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) और प्रशिक्षण पहले से ही डॉ. वेन लोम्बार्ड की देखरेख में चल रहा है. इसमें निशा रावत, चेतना और उनके कोच इरवान्स्याह का समर्थन मिल रहा है. उन्होंने लिखा, ”डॉ. वेन लोम्बार्ड की निरंतर देखभाल, निशा रावत और चेतना के समर्थन और मेरे कोच इरवान्स्याह के मार्गदर्शन में मैं एक ऐसी टीम से घिरी हुई हूं जो मुझे हर दिन ताकत देती है. उनमें मेरा जो विश्वास है, वही मेरे अंदर ऊर्जा भरता है और मैं आगे आने वाली चुनौतियों के लिए पहले से कहीं अधिक प्रेरित, आभारी और उत्सुक महसूस कर रही हूं.”
ये भी पढ़ें: वनडे सीरीज खत्म होते ही रोहित-विराट पर आया गंभीर का बड़ा बयान, इंटरनेट पर बिजली की तरह दौड़ा ये रिएक्शन
उतार-चढ़ाव भरी रही सिंधु की फॉर्म
कॉमनवेल्थ गेम्स की चैंपियन सिंधु काफी समय से चोटों और फॉर्म से जूझ रही हैं. पेरिस ओलंपिक में जल्दी बाहर होने के बाद यह साल भी सिंधु के लिए अच्छा नहीं रहा. वह कई बार पहले और दूसरे दौर में बाहर हुई हैं. हालांकि, इंडिया ओपन सुपर 750, विश्व चैंपियनशिप और चाइना मास्टर्स सुपर 750 में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचना उनके सीजन का मुख्य आकर्षण रहा. पिछले साल वह मलेशिया मास्टर्स में उपविजेता रहकर एक शीर्ष-स्तरीय खिताब जीतने के करीब आई थीं. हालांकि, उन्होंने पिछले दिसंबर में सैयद मोदी इंटरनेशनल सुपर 300 का खिताब अपने नाम किया था.