अबु धाबी: मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के मुख्य कोच महेला जयवर्धने (Mahela Jayawarden) ने कहा है कि आईपीएल के 13वें सीजन में कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और क्विंटन डिकॉक पारी (Quinton De Kock) ही पारी की शुरुआत करना जारी रखेंगे. जयवर्धने ने अबु धाबी में हुई वर्चुअल संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी दी. इस दौरान कप्तान रोहित भी मौजूद थे.
यह भी पढ़ें- IPL 2020: UAE की गर्मी में खिलाड़ियों को स्विमिंग पूल का सहारा, देखें PHOTOS
मुंबई के पास ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज क्रिस लिन भी मौजूद हैं और टीम उनसे भी पारी की शुरुआत करा सकती है, लेकिन जयवर्धने का कहना है कि जो तय है, उससे छेड़खानी नहीं की जा सकती है. जयवर्धने ने कहा, ‘लिन टीम में एक अच्छे विकल्प हैं, लेकिन रोहित और क्विंटन की जोड़ी ने पिछले सीजन में हमारे लिए बेहतरीन काम किया था. वे एक दूसरे को अच्छी तरह से जानते हैं. वे सुसंगत हैं और अनुभवी हैं. वे अच्छे कप्तान भी हैं, इसलिए आप कुछ ऐसा क्यों ठीक करना चाहते हैं जो टूटे नहीं? हम उन्हीं के साथ जारी रखेंगे.’
रोहित पहले मुंबई के लिए नंबर 3 और नंबर 4 पर बल्लेबाजी कर चुके हैं. उनका कहना है कि वह टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी का आनंद उठाते हैं और वह ऐसा करना जारी रखेंगे. हालांकि उन्होंने साथ ही कहा कि टीम की जरूरत के हिसाब से अन्य विकल्प भी खुले रहेंगे. रोहित ने कहा, ‘पिछले सीजन में मैंने पूरे टूर्नामेंट के दौरान पारी की शुरुआत की थी और इस बार भी यह जारी रहेगा. वहीं टीम की जरूरत के हिसाब से मैं अन्य विकल्प भी खुले रखूंगा. टीम जो करना चाहेगी मैं उससे खुश हूं. हालांकि टीम में दूसरे ओपनर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक होंगे और ये तय है.’
बता दें कि रोहित और डी कॉक ने पिछले सीजन में मुंबई के 16 मैचों में से 15 मैचों में पारी की शुरुआत की थी और टीम रिकॉर्ड चौथी बार चैंपियन बनी थी. दोनों ने मिलकर 37.66 की औसत से 5 अर्धशतकों की मदद से 565 रन बनाए थे. मुंबई इंडियंस का कैंप अबु धाबी है, जहां टीम को 14 लीग मैचों में से अपने आठ मैच खेलने हैं. कल चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुंबई लीग का पहला मैच खेलने मैदान पर उतरेंगी.
(इनपुट-आईएएनएस)