India vs South Africa Test Squad: भारत दौरे के लिए साउथ अफ्रीका ने 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया. नियमित कप्तान तेम्बा बावुमा की वापसी हो गई है. वह चोट के कारण पाकिस्तान के खिलाफ 2 मैचों की सीरीज में नहीं खेल पाए थे. एडेन मार्करम की कप्तानी में सीरीज 1-1 की बराबरी पर छूटी थी. बावुमा के नेतृत्व में इस साउथ अफ्रीका ने चमत्कारिक प्रदर्शन करते हुए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में मजबूत ऑस्ट्रेलिया को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक स्टेडियम में हराया था.
14 नवंबर को शुरू होगी टेस्ट सीरीज
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 14 नवंबर को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज शुरू होगी. क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने सोमवार को टीम का ऐलान करते हुए कहा, ”बावुमा अपनी बाईं पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव से पूरी तरह उबरने के बाद टीम में वापसी कर रहे हैं. इस चोट के कारण वह हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में नहीं खेल पाए थे.” बावुमा को डेविड बेडिंघम की जगह टीम में शामिल किया गया है.
कप्तानी में बावुमा का गजब रिकॉर्ड
पाकिस्तान में टेस्ट सीरीज को बराबर करने वाले दल में सिर्फ एक बदलाव हुआ है. बेडिंघम की जगह बावुम आए हैं और बाकी सभी खिलाड़ी वही हैं. बावुमा की कप्तानी में अफ्रीकी टीम अब तक एक मैच भी नहीं हारी है. उन्होंने 10 मैचों में कप्तानी की है और 9 मुकाबले जीते हैं. सिर्फ एक ही मुकाबला ड्रॉ हुआ है. ऐसे में उनके विजय रथ को रोकना भारतीय टीम के लिए आसान नहीं होगा. वहीं. बावुमा पहली बार भारत में टेस्ट टीम की कमान संभालेंगे. यह उनके लिए भी किसी परीक्षा से कम नहीं होगी, क्योंकि टीम इंडिया अपने होमग्राउंड पर काफी मजबूत है.
टेस्ट सीरीज का शेड्यूल
पहला टेस्ट में 14 नवंबर से कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा. उसके बाद दूसरा मुकाबला 22 नवंबर से गुवाहाटी के ACA स्टेडियम में होगा. यह पहली बार किसी टेस्ट मैच की मेजबानी करेगा.
ये भी पढ़ें: इंदौर में छेड़खानी, मुंबई में टेंशन… BCCI हो गया अलर्ट , वर्ल्ड कप के लिए बनाया स्पेशल प्लान
साउथ अफ्रीका का 15 सदस्यीय टेस्ट स्क्वॉड
तेम्बा बावुमा (कप्तान), कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, टोनी डी जोर्जी, ज़ुबैर हमजा, साइमन हार्मर, मार्को जानसन, केशव महाराज, एडेन मार्कराम, वियान मुल्डर, सेनुरन मुथुसामी, कागिसो रबाडा, रयान रिकेल्टन, ट्रिस्टन स्टब्स, काइल वेरिन.