Last Updated:
बीसीसीआई ने मध्य क्षेत्र के नवनियुक्त चयनकर्ता रुद्र प्रताप सिंह को कोलकाता भेजा. सूत्रों के अनुसार, ईडन गार्डन्स में गुजरात के खिलाफ बंगाल के दूसरे 2025-26 रणजी ट्रॉफी मैच के दौरान, आरपी को शमी के साथ लंबी बातचीत करते देखा गया.
नई दिल्ली. जब जागो तब सवेरा वाली कहावत बीसीसीआई पर फिट बैठती है क्योंकि तमाम विवाद के बाद अब बोर्ड मोहम्मद शमी की स्थिति को संभालने की कोशिश कर रहा है. पिछले कुछ हफ़्तों में, इस अनुभवी तेज़ गेंदबाज़ ने चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर के उन दावों का सार्वजनिक रूप से खंडन किया है जिनमें कहा गया था कि वह चयन के लिए फिट नहीं हैं, और यही वजह है कि शमी 2025 आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से भारत के लिए नहीं खेले हैं.
शमी ने कहा था कि चयनकर्ताओं ने उन्हें कोई अपडेट नहीं दिया है और अगर वह फिट नहीं होते, तो वह दलीप ट्रॉफी और बंगाल के लिए रणजी ट्रॉफी में कैसे खेल पाते.जबकि चीफ सेलेक्टर ने कहा था कि भी खिलाड़ियों से उनकी बातचीत होती है और उनका मोबाइल हमेशा सबके लिए खुला रहता है .
धमाके से जागी बीसीसीआई
मोहम्मद शमी और चीफ सेलेक्टर के बीच चला रहा विवाद पहले से ज़्यादा बिगड़ न जाए इसको तय करने के लिए बीसीसीआई ने मध्य क्षेत्र के नवनियुक्त चयनकर्ता रुद्र प्रताप सिंह को कोलकाता भेजा. सूत्रों के अनुसार, ईडन गार्डन्स में गुजरात के खिलाफ बंगाल के दूसरे 2025-26 रणजी ट्रॉफी मैच के दौरान, आरपी को शमी के साथ लंबी बातचीत करते देखा गया. आरपी, शमी की तरह, उत्तर प्रदेश से हैं, और हालाँकि शमी अपनी क्रिकेट की आकांक्षाओं के लिए बंगाल चले गए, लेकिन क्षेत्रीय जुड़ाव उनके लिए मददगार साबित हो सकता है. कम से कम बीसीसीआई तो यही उम्मीद करेगा.
शमी ने फोड़ा था बम
बंगाल के लिए सीजन के पहले मैच में 7 विकेट लेने वाले शमी ने कहा था, “अपडेट देने की बात करें तो, अपडेट देना या अपडेट मांगना मेरी ज़िम्मेदारी नहीं है. अपनी फिटनेस के बारे में अपडेट देना मेरा काम नहीं है. मेरा काम एनसीए ) जाना, तैयारी करना और मैच खेलना है. वो उनकी बात है, उनको कौन अपडेट देता है, किसने नहीं दिया. अगरकर ने जवाब दिया कि पिछले कुछ महीनों में उनकी शमी से कई बार बात हुई है और मेडिकल टीम को लगता है कि वह फिलहाल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए फिट नहीं हैं. मुख्य चयनकर्ता ने यह भी कहा कि टीम इंडिया उन्हें पहले ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में खेलना पसंद करती, लेकिन ऐसा नहीं हो सका.