Last Updated:
रणजी ट्रॉफी में वो सभी पूर्व क्रिकेटर खेल रहे हैं, जो कभी टीम इंडिया की शान हुआ करते थे. खराब फॉर्म के चलते उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया. पृथ्वी शॉ ने दोहरा शतक जड़ा तो अजिंक्य रहाणे और करुण नायर ने भी बड़ी पारियां खेली.
इस वक्त ऐसे क्रिकेटर्स की बहुत लंबी लिस्ट है जो एक वक्त पर टीम इंडिया की शान हुआ करते थे, लेकिन फॉर्म हाथ से गई तो टीम से भी छुट्टी कर दी गई. हालांकि मोजूदा रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने वापसी के लिए ताल ठोक दी है. वो शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम में आना चाहते हैं.

सबसे पहले गाबा का घमंड तोड़ ऑस्ट्रेलिया की धरती पर भारत को पहली टेस्ट सीरीज जिताने वाले कप्तान अजिंक्य रहाणे ने रणजी ट्रॉफी में तूफानी पारी खेली. मुंबई के इस बल्लेबाज ने छत्तीसगढ़ के लिए 159 रन की आतिशी पारी खेली.

टीम ने सस्ते में तीन विकेट गंवा दिए थे. जिसके बाद रहाणे ने अंगद की तरफ पिच पर पैर जमा दिया और फिर ऐसे जमे कि अकेले 50 ओवर तक बल्लेबाजी करते रहे. एक छोर पर उन्होंने संभाले रखा और टीम को संकट से निकाला.

पिछले सीजन में विदर्भ को रणजी ट्रॉफी जिताने वाले करुण नायर ने इस सीजन अपनी होम टीम कर्नाटक की तरफ से खेलते हुए गोवा के खिलाफ 174 रन ठोक दिए. उन्हें इंग्लैंड दौरे पर चार मैचों में मौका दिया गया था. साधारण प्रदर्शन करने के बाद बाहर भी निकाल दिया गया.

करुण नायर ने आज मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, ‘मुझे लगता है कि मैं इससे कहीं बेहतर का हकदार था. मुझे एक सीरीज से ज्यादा मौका दिया जाना चाहए था. टीम में कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने मुझसे अपनी भावनाओं के बारे में अच्छी बातचीत की है. यह बात दिमाग में घर कर जाती है. लेकिन दूसरा विचार यह होगा कि अपना काम करो यानी रन बनाओ और लोगों को अपनी राय रखने दो.’

अब पृथ्वी शॉ ने चंडीगढ़ के खिलाफ तूफानी दोहरा शतक जड़ दिया है. उन्होंने 156 गेंदों पर 222 रन की नाबाद पारी खेली है. अगर कप्तान पारी घोषित नहीं करते तो शायद वो तिहरा शतक भी जड़ देते. उन्होंने रणजी ट्रॉफी के इतिहास में तीसरा सबसे तेज दोहरा शतक बनाया. वो शास्त्री का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए.

पृथ्वी शॉ करीब चार साल से टीम इंडिया से बाहर हैं. इस साल आईपीएल ऑक्शन में भी उन्हें किसी टीम ने नहीं खरीदा. यही वजह है कि उनके करियर खत्म होने की बात कही जाने लगी. पृथ्वी का तूफानी बल्लेबाजी का अंदाज कम से कम उन्हें इस आईपीएल ऑक्शन में खरीदार जरूर दिला सकता है.

अब बड़ा सवाल यह है कि टीम इंडिया से निकाले जा चुके पृथ्वी शाह, अजिंक्य रहाणे और करुण नायर को दोबारा मौका दिया जाएगा? क्या चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर और मुख्य कोच गौतम गंभीर इन तीनों क्रिकेटर्स में दिलचस्पी दिखाएंगे. खैर इस सवाल का जवाब तो वक्त ही बताएगा.