आमला में बिजली सुधारते समय लाइनमैन को लगा करंट: खंभे से गिरा, दोनों हाथ झुलसे; हालत गंभीर – Betul News

आमला में बिजली सुधारते समय लाइनमैन को लगा करंट:  खंभे से गिरा, दोनों हाथ झुलसे; हालत गंभीर – Betul News



बैतूल जिले के आमला नगर के सर्राफा मार्केट में मंगलवार को बिजली सुधार कार्य के दौरान एक लाइनमैन को करंट लगने से गंभीर हादसा हो गया। करंट लगते ही लाइनमैन बिजली के खंभे से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

.

साथी कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे सिविल अस्पताल आमला पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि परिजन उसे आगे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए।

जानकारी के अनुसार, घायल लाइनमैन की पहचान कुंवरलाल भूमरकर (58) निवासी आमला के रूप में हुई है। वह सर्राफा मार्केट में बिजली के खंभे पर चढ़कर फॉल्ट सुधार रहे थे। बिजली विभाग के अधिकारी विलास उईके के अनुसार, उस समय मुख्य बिजली आपूर्ति बंद थी, लेकिन किसी इनवर्टर या बिजली उपकरण से आए रिटर्न करंट के कारण उन्हें झटका लग गया।

करंट लगने से संतुलन बिगड़ने पर कुंवरलाल खंभे से नीचे गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद करते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाया। सिविल अस्पताल आमला के डॉक्टर मुकेश वागद्रे ने बताया कि लाइनमैन के दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए हैं और सीने का कुछ हिस्सा भी करंट की चपेट में आया है। हालांकि कमर और पैरों में कोई बाहरी चोट नहीं है, लेकिन आंतरिक चोटों की आशंका के चलते जांच जारी है।

डॉ. वागद्रे ने मरीज की स्थिति को गंभीर बताया है, जबकि बिजली कंपनी के अधिकारी विलास उईके ने जानकारी दी कि फिलहाल कुंवरलाल की हालत स्थिर है। विभाग ने पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।



Source link