सिवनी जिले के लखनादौन थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सारसडोल ग्राम के आगे मरहेटी चौराहे पर दोपहर करीब 2 बजे एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है
.
जानकारी के अनुसार, खमरिया गोसाई निवासी पप्पू सेन अपनी बाइक से खमरिया ग्राम से लखनादौन जा रहे थे। जब वे सारसडोल के मरहेटी चौराहे के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में पप्पू सेन गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना की सूचना पुलिस और 108 एम्बुलेंस को दी। सूचना मिलने पर एम्बुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल पप्पू सेन को लखनादौन अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
लखनादौन थाना प्रभारी कीरत प्रसाद धुर्वे ने बताया कि उन्हें अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार के गंभीर घायल होने की जानकारी मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जांच कर रही है और टक्कर मारने वाले वाहन व उसके चालक की तलाश जारी है।


