IND vs AUS 3rd T20I: ऑस्ट्रेलिया ने पहले बैटिंग करते हुए भारत के सामने जीत के लिए 187 रनों का टारगेट रखा है. भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होबार्ट में जारी तीसरे टी20 मैच के दौरान अपनी प्लेइंग इलेवन में तीन बड़े बदलाव किए हैं. भारतीय टीम मैनेजमेंट ने बड़ा फैसला लेते हुए विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन, चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव और तेज गेंदबाज हर्षित राणा को प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया. भारत की प्लेइंग इलेवन में जितेश शर्मा, वॉशिंगटन सुंदर और अर्शदीप सिंह की एंट्री हुई है. सबसे ज्यादा चर्चा तेज गेंदबाज हर्षित राणा को लेकर हो रही हैं, जिन्हें खराब प्रदर्शन की वजह से अपनी जगह गंवानी पड़ी है.
टीम इंडिया पर बोझ बन गया था ये क्रिकेटर!
हर्षित राणा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे T20I मैच में 2 ओवरों की गेंदबाजी की थी और 13.50 की इकोनॉमी रेट से 27 रन लुटा दिए थे. हर्षित राणा को इस दौरान एक भी विकेट नहीं मिला. कंगारू बल्लेबाजों ने हर्षित राणा की धज्जियां उड़ाकर रख दी. हर्षित राणा गेंदबाजी में भारत के लिए विलेन साबित हो गए थे. हर्षित राणा लंबे कद के गेंदबाज हैं, जिनके पास मेलबर्न की पिच पर अपनी उछाल और स्पीड को हथियार बनाकर विकेट चटकाने का मौका था, लेकिन वह इस मोर्चे पर फिसड्डी साबित हुए. हालांकि हर्षित राणा ने इस मैच में 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों पर 35 रन ठोक दिए थे.
मैनेजमेंट ने तीसरे T20I से काट दिया पत्ता
हर्षित राणा ने भले ही एक बल्लेबाज के तौर पर ठीक-ठाक प्रदर्शन किया, लेकिन टीम इंडिया को उनसे गेंदबाजी में ज्यादा बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी. हालांकि इस मोर्चे पर हर्षित राणा फ्लॉप साबित हुए हैं. हर्षित राणा की जगह बाएं हाथ के टैलेंटेड तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में मौका मिला. अर्शदीप सिंह ने होबार्ट टी20 में अपने चयन को सही साबित करते हुए 4 ओवर में 35 रन देकर 3 विकेट झटके.
T20I में भारत के सबसे सफल गेंदबाज हैं अर्शदीप
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अर्शदीप सिंह भारत के सबसे सफल गेंदबाज हैं. अर्शदीप सिंह ने भारत के लिए अभी तक 66 T20I मैचों में 104 विकेट चटकाए हैं. अर्शदीप सिंह T20I में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज हैं. अर्शदीप सिंह को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने पर भारतीय टीम की काफी आलोचना हो रही थी. इसलिए भारतीय टीम मैनेजमेंट को मजबूरन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन से हर्षित राणा को बाहर का रास्ता दिखाना पड़ा है. हर्षित राणा ने भारत के लिए अभी तक पांच टी20 इंटरनेशनल मैच खेलते हुए केवल 5 विकेट ही झटके हैं.