कुलदीप यादव अचानक भारतीय टीम से हटाए गए, BCCI ने आनन-फानन में लिया बड़ा फैसला

कुलदीप यादव अचानक भारतीय टीम से हटाए गए, BCCI ने आनन-फानन में लिया बड़ा फैसला


नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टी-20 सीरीज खेलने गए स्पिनर कुलदीप यादव को अचानक भारतीय टी-20 स्क्वॉड से हटा दिया गया है. 2 नवंबर को होबार्ट में तीसरा टी-20 जीतकर कमबैक करते ही भारतीय टीम में ये बड़ा बदलाव हुआ है. बीसीसीआई ने प्रेस रीलीज जारी कर रविवार देर शाम इसकी जानकारी दी.

स्क्वॉड से क्यों रीलीज किए गए कुलदीप?
दरअसल, भारतीय टीम मैनेजमेंट ने कुलदीप यादव को ऑस्ट्रेलिया में चल रही टी-20 सीरीज से रीलीज करने का अनुरोध किया था ताकि वह बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ भारत ए सीरीज में भाग ले सकें. भारत ए ने रविवार को पहला मैच जीता था, जिसमें ऋषभ पंत ने 275 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 90 रन बनाए थे.

टेस्ट सीरीज की तैयारी असल वजह
इंडिया ए और साउथ अफ्रीका ए के बीच दूसरा चार दिवसीय अनऑफिशियल टेस्ट मैच 6 नवंबर से शुरू होगा. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी दो मैच की टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए कुलदीप यादव को पर्याप्त समय मिल सके इसलिए यह फैसला लिया गया. पहला टेस्ट मैच 14 नवंबर से कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डंस में खेला जाएगा.

ऑस्ट्रेलिया में कैसा रहा कुलदीप का प्रदर्शन?
कुलदीप यादव ने ऑस्ट्रेलिया में तीन वनडे और पहले दो टी-20 मैचों में से केवल एक ही मुकाबला खेला था. सिडनी में खेले गए आखिरी वनडे में कुलदीप 50 रन देकर एक विकेट ही ले पाए थे. कैनबरा में हुए पहले टी-20 में वह बॉलिंग ही नहीं कर पाए क्योंकि बारिश के चलते मैच रद्द हो गया. मेलबर्न में खेले गए दूसरे टी-20 में उन्होंने 3.2 ओवर में 45 रन देकर दो शिकार किए थे. होबार्ट में तीसरे टी-20 मैच के लिए उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं दी गई और उनकी जगह वाशिंगटन सुंदर को शामिल किया गया. भारत 6 और 8 नवंबर को कैरारा और ब्रिस्बेन में चौथा और पांचवां टी-20 मैच खेलेगा.

चौथे और पांचवें टी20I के लिए भारत की अपडेटेड स्क्वॉड:: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल (उपकप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह और वाशिंगटन सुंदर

दूसरे चार दिवसीय अनऑफिशियल टेस्ट के लिए इंडिया ए का अपडेटेड स्क्वॉड: ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), केएल राहुल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), साई सुदर्शन (उपकप्तान), देवदत्त पडिक्कल, रुतुराज गायकवाड़, हर्ष दुबे, तनुष कोटियान, मानव सुथार, खलील अहमद, गुरनूर बराड़, अभिमन्यु ईश्वरन, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप और कुलदीप यादव



Source link