अशोकनगर पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ अभियान के तहत सोमवार को सफलता हासिल की है। जिले के अलग-अलग थानों की पुलिस ने लापता नाबालिग लड़कियों और एक लड़के को सुरक्षित दस्तयाब किया है। इस दौरान दुष्कर्म के एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
.
थाना नईसराय पुलिस ने 17 वर्षीय एक नाबालिग बालिका को दस्तयाब किया। यह बालिका 24 अगस्त को लापता हुई थी, जिसके बाद परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस टीम ने अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, भोपाल, श्योपुर, जयपुर और जोधपुर में उसकी तलाश की।
जांच में सामने आया कि आरोपी पीड़िता को जयपुर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। पुलिस ने आरोपी रोहित पिता विनोद चंदेल (22 वर्ष), निवासी शंकर कॉलोनी, अशोकनगर को 3 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जिला जेल भेज दिया गया।
मुंगावली थाने में 9 सितंबर को एक महिला ने अपनी 15 वर्षीय नातिन के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाना मुंगावली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। साइबर सेल की मदद से पुलिस टीम ने नाबालिग को 3 नवंबर 2025 को खरगोन बस स्टैंड से दस्तयाब किया।
एक अन्य मामले में, फरियादी भूपेन्द्र यादव निवासी ईदगाह रोड मुंगावली ने अपने 16 वर्षीय पिता के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विवेचना करते हुए पुलिस टीम ने बच्चे को 2 नवंबर 2025 को उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के राजघाट से सुरक्षित दस्तयाब किया।
थाना ईसागढ़ क्षेत्र में 17 वर्षीय युवती से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केवल 10 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी विशाल आदिवासी, निवासी इमझेरा, ने 1 नवंबर 2025 की शाम उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया था। मामले में थाना ईसागढ़ में प्रकरण दर्ज किया गया है।