Last Updated:
स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर अनुकूल रॉय ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए आठ विकेट चटकाए जिससे झारखंड ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप ए मैच के तीसरे दिन सोमवार को यहां नगालैंड को 154 रन पर ढेर करने के बाद उसे फॉलोऑन देते हुए जीत की ओर कदम बढ़ाए.
नई दिल्ली. स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर अनुकूल रॉय ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए आठ विकेट चटकाए जिससे झारखंड ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप ए मैच के तीसरे दिन सोमवार को यहां नगालैंड को 154 रन पर ढेर करने के बाद उसे फॉलोऑन देते हुए जीत की ओर कदम बढ़ाए.
छब्बीस साल के बाएं हाथ के स्पिनर अनुकूल ने 55 रन देकर आठ विकेट हासिल किए जिससे नगालैंड की टीम पहली पारी में 73.5 ओवर में सिमट गई. नगालैंड ने इसके बाद फॉलोऑन खेलते हुए दूसरी पारी में पांच विकेट पर 104 रन बनाए. झारखंड ने पहली पारी आठ विकेट पर 510 रन बनाने के बाद घोषित की थी जिससे नगालैंड की टीम अब भी 252 रन पीछे है.
एक पारी में 8 विकेट
झारखंड के कल रात के स्कोर पर पारी घोषित करने के बाद अनुकूल ने नगालैंड के बल्लेबाजों को अपनी फिरकी में उलझाया. नगालैंड के सिर्फ पांच बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंच सके जिसमें चेतन बिष्ट नाबाद 46 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे. दूसरी पारी में भी नगालैंड के बल्लेबाज नाकाम रहे और 36 ओवर तक ही उसकी आधी टीम पवेलियन लौट गई. कप्तान रोंगसेन जोनाथन ने 50 रन की पारी खेली जिसके बाद अनुकूल ने उन्हें बोल्ड किया. अनुकूल ने इमलीवती लेमतूर को भी पवेलियन भेजा. मनीषी (41 रन पर तीन विकेट) ने दोनों सलामी बल्लेबाजों सेदेझाली रूपेरो और निश्चल को आउट किया . दिन का खेल खत्म होने पर युगांधर सिंह चार जबकि हेम छेत्री छह रन बनाकर खेल रहे थे.
कौन है अनुकूल रॉय?
अनुकूल रॉय ने पहली बार अंडर-19 विश्व कप 2018 में सुर्खियाँ बटोरीं जब वह संयुक्त रूप से सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ बनकर उभरे. वह मुख्य रूप से एक गेंदबाज़ी ऑलराउंडर हैं जो बाएँ हाथ से स्पिन गेंदबाजी करते हैं और निचले क्रम के एक उपयोगी बल्लेबाज़ हैं. उन्होंने अब तक आईपीएल में 11 मैच खेले हैं, और 2019 सीज़न में मुंबई इंडियंस के लिए अपना डेब्यू किया था. उन्होंने इससे पहले केकेआर के लिए 10 मैच खेले हैं , लेकिन कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं. घरेलू क्रिकेट में अनुकूल झारखंड के लिए खेलते हैं कुल मिलाकर, टी20 में अनुकूल रॉय ने 56 पारियों में 37 विकेट लिए हैं और 150.34 के स्ट्राइक रेट से 657 रन बनाए हैं। लिस्ट ए क्रिकेट में भी उनका रिकॉर्ड अच्छा है, लेकिन प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका प्रदर्शन ज़्यादा प्रभावशाली रहा है. इस प्रकार, अनुकूल रॉय बल्ले और गेंद दोनों से प्रभाव छोड़ने की क्षमता रखते हैं। अगर पिच मददगार रही तो वह कारगर साबित हो सकते हैं.