रामकली और ज्योति नीम की हादसे में मौत हो गई थी।
इंदौर के राऊ इलाके में शनिवार शाम एक थिनर फैक्ट्री में आगजनी की घटना हुई थी। इस मामले में वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों के बयान लेने के बाद पुलिस ने मंगलवार रात कंपनी संचालकों के खिलाफ लापरवाही बरतने का मामला दर्ज किया।
.
राऊ पुलिस के अनुसार, रामकली पति हरिदास अहिरवार, निवासी संजय नगर केट रोड और ज्योति पति मनोज नीम, निवासी श्रीराम नगर की मौत के मामले में प्रगति उर्फ स्वास्तिक इंटरप्राइजेस के संचालक कमल पुत्र दयाल गिदवानी, निवासी हनुमान मंदिर, सुदामा नगर, तथा सूरज पुत्र सुरेश भागवानी के खिलाफ लापरवाही के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।
रामकली के पति हरिदास अहिरवार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी पत्नी रामकली स्वास्तिक इंटरप्राइजेस में काम करती थीं। वहीं ज्योति भी उसी फैक्ट्री में कार्यरत थीं। घटना वाले दिन वह अपनी पत्नी के साथ सुबह फैक्ट्री पहुंचे थे। देव उठनी ग्यारस होने के कारण पूजा करने की तैयारी में थे, तभी अचानक कंपनी में आग लग गई।
आग लगते ही सौरभ और अन्य मजदूर किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन ज्योति और रामकली अंदर ही फंस गईं। दोनों की जलने से मौके पर ही मौत हो गई। बाद में उनके जले हुए शव बरामद किए गए।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि कंपनी संचालकों ने सुरक्षा के पर्याप्त उपाय नहीं किए थे, जिसके कारण हादसा भयावह रूप ले लिया।
गोडाउन में केमिकल का कुछ काम होता था।
ऐसे लगी गोडाउन में आग
इंदौर जोन-1 के डीसीपी कृष्ण लालचंदानी के अनुसार चश्मदीदों ने बताया कि देवउठनी ग्यारस की पूजा के लिए दीया जलाया था। इसी से थिनर ने आग पकड़ ली। चूंकि महिलाएं गोडाउन के अंदर थीं तो बाहर नहीं निकल पाईं। गोडाउन में मौजूद बच्चे बाहर भागे, उन्हीं ने इस घटना की पुष्टि की।
सीएम ने की थी मुआवजे की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के केट क्षेत्र स्थित केमिकल फैक्ट्री में लगी आग की घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी।
ये खबर भी पढ़ें…
इंदौर के केमिकल गोडाउन में दो महिलाएं जिंदा जलीं
इंदौर में एक केमिकल गोडाउन में आग लग गई। इसमें दो महिलाएं जिंदा जल गईं। महिलाओं ने एकादशी पर दीया जलाया था। इससे उनकी साड़ी में आग लग गई। इसके बाद आग तेजी से भड़कीं। वहां मौजूद दो बच्चे जान बचाकर बाहर भागे। पूरी खबर पढ़ें…