सिंगरौली जिले के बैढ़न स्थित सिंगरौली डिग्री कॉलेज का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में छात्र-छात्राएं कक्षाओं में पढ़ाई की बजाय स्मार्ट बोर्ड पर फिल्मी गाने और बॉलीवुड वीडियो देखते हुए दिखाई दे रहे हैं। मामले में प्राचार्य ने कार्रवाई करने की बात क
.
सोमवार को कॉलेज की कक्षा में एक छात्रा ने स्मार्ट बोर्ड पर बॉलीवुड गाने चला दिए। इस घटन का वीडियो मंगलवार को सामने आया जिसमें क्लास में शिक्षकों की अनुपस्थिति में कक्षा में स्मार्ट बोर्ड पर फिल्मी गाने चल रहे थे। मामला सामने आने के बाद प्राचार्य डॉ. एम. यू. सिद्दीकी ने कार्रवाई की बात कही है।
लोग बोले- कॉलेज में अनुशासन की कमी
स्थानीय लोगों ने बताया कि कॉलेज में अनुशासन और निगरानी की कमी है। छात्र लंच टाइम या खाली पीरियड में अपनी मनमानी करते हैं, और शिक्षकों की मौजूदगी में भी कोई सख्ती नहीं दिखाई देती।
यह कॉलेज मध्य प्रदेश शासन के तहत पीएम एक्सीलेंस कॉलेज के रूप में चयनित है और इसे करोड़ों रुपए का फंड मिला है। ऐसे में इस तरह की लापरवाही और प्रशासनिक उदासीनता ने पूरे जिले की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्राचार्य बोले- छात्रा को नाेटिस दिया, स्मार्ट बोर्ड लॉक किया
मामले में प्राचार्य डॉ. एम. यू. सिद्दीकी ने बताया कि वीडियो सोमवार का है और इसकी जानकारी उन्हें मिल चुकी है। जिस छात्रा ने स्मार्ट बोर्ड पर वीडियो चलाया, उसकी पहचान कर नोटिस जारी किया गया है। साथ ही स्मार्ट बोर्ड को लॉक कर दिया गया है, अब इसे बिना पासवर्ड के नहीं चलाया जा सकेगा। वीडियो किसने वायरल किया, इसकी भी जांच की जा रही है।
पहले भी विवादों में रहा
यह कॉलेज कुछ समय पहले भी विवादों में रहा था। बीए प्रथम वर्ष के छात्र हिमांशु शर्मा ने प्राचार्य डॉ. एमयू सिद्दीकी से सवाल किया था कि “माइनर क्लासेस क्यों नहीं लग रही हैं?” उस समय प्राचार्य ने टालमटोल भरा जवाब दिया था। इसका वीडियो भी सामने आया था।