सीहोर के बीएसआई मैदान पर भोपाल क्रिकेट एसोसिएशन के सहयोग से जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस मैच में सीहोर की टीम ने रायसेन को 74 रन से मात दी।
.
टॉस जीतकर रायसेन ने पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। सीहोर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 40 ओवर में सात विकेट पर 148 रन बनाए। इसमें बल्लेबाज आहत खान ने 82 रन की दमदार पारी खेली। आनंद मेवाड़ा ने 17 रन, शशांक ने 12 रन और भविष्य ने 10 रन का योगदान दिया।
रायसेन टीम 74 रन पर ढेर
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रायसेन की टीम 74 रन पर ही सिमट गई। रायसेन की ओर से जयंत और कार्तिक ने 16-16 रन बनाए। सीहोर की ओर से अंश वर्मा ने तीन विकेट, दर्शिल ने दो विकेट और नैतिक, लोकेन्द्र, भविष्य व पर्थ ने एक-एक विकेट हासिल किया। लोकेन्द्र ने तीन शानदार कैच पकड़े और एक रन आउट भी किया।
खिलाड़ियों का हुआ सम्मान और उत्साहवर्धन
मैच में मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के पर्यवेक्षक पुनित चतुर्वेदी, भोपाल क्रिकेट एसोसिएशन से सीएस धाकड़, अभिषेक सिंह और अमित वर्मा मौजूद रहे। सीहोर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अतुल तिवारी, कोच अतुल त्रिवेदी सहित कई वरिष्ठ सदस्यों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। अध्यक्ष विधायक सुदेश राय और अन्य पदाधिकारियों ने टीम को जीत की बधाई दी।