भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें 16 नवंबर को एक बार फिर आमने-सामने रहने वाली हैं. दरअसल, यह मुकाबला ACC पुरुष एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 में होने वाला है, जिसके शुरुआत 14 नवंबर से होने जा रही है. इस टूर्नामेंट के लिए भारत पहले ही टीम की घोषणा कर चुका है, जबकि अब पाकिस्तान ने टीम अनाउंस की है. पाकिस्तान शाहीन का कप्तान मुहम्मद इरफान खान को बनाया गया है. वहीं, टीम इंडिया के कप्तान जितेश शर्मा हैं.
पाकिस्तान टीम का ऐलान
मुहम्मद इरफान खान को इस महीने दोहा में होने वाले पुरुषों के एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट के लिए युवा टीम का कप्तान बनाया गया है. चयनकर्ताओं ने ज्यादातर नए खिलाड़ियों को चुना है. इस टीम में केवल तीन खिलाड़ी ही सीनियर नेशनल टीम के लिए खेल चुके हैं, जिनमें कप्तान इरफान खान, स्पिनर सूफियान मुकीम और तेज गेंदबाज अहमद दानियाल शामिल हैं.
बाकी खिलाड़ियों में वे होनहार युवा प्रतिभाएं हैं, जिन्होंने अंडर-19 टीम, ‘शाहीन प्रोग्राम’, घरेलू प्रतियोगिताओं और पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में अच्छा प्रदर्शन किया है. पाकिस्तान की पहली भिड़ंत ओमान से 14 नवंबर को ही है.
8 टीमें लेंगी हिस्सा
14 नवंबर से 23 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं. भारत-पाकिस्तान के अलावा ओमान, यूएई, अफगानिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका और हॉन्गकॉन्ग शामिल हैं. पाकिस्तान शाहीन को इंडिया-ए एक ही ग्रुप ‘बी’ में हैं. उनके साथ ओमान और यूएई हैं. ग्रुप ‘ए’ में अफगानिस्तान ‘ए’, बांग्लादेश ‘ए’, हॉन्गकॉन्ग और श्रीलंका ‘ए’ की टीमें हैं.
पाकिस्तान की टीम
मुहम्मद इरफान खान (कप्तान), अहमद दानियाल, अराफात मिन्हास, माज सदाकत, मोहम्मद फैक, मुहम्मद गाजी गोरी, मोहम्मद नईम, मोहम्मद सलमान, मोहम्मद शहजाद, मुबासिर खान, साद मसूद, शाहिद अजीज, सुफियान मोकिम, उबैद शाह और यासिर खान.
भारत की टीम
जितेश शर्मा (कप्तान और विकेटकीपर), नमन धीर (उपकप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, नेहल वढेरा, सूर्यांश शेडगे, रमनदीप सिंह, हर्ष दुबे, आशुतोष शर्मा, यश ठाकुर, गुरजापनीत सिंह, विजय कुमार वैश्य, युद्धवीर सिंह चरक, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), सुयश शर्मा.