मऊगंज के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के ग्राम डिलहा में गुरुवार दोपहर मामूली विवाद के बाद एक 17 साल किशोर ने कट्टे से फायरिंग कर दी। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
.
वाहन सावधानी से चलाने की सलाह पर हुआ नाराज
फरियादी देवेश कुमार उपाध्याय (22) निवासी डिलहा ने पुलिस को बताया कि वह अपने जीजा विजय तिवारी के साथ किराना सामान लेने चौराहे पर गए थे। विजय तिवारी ने अपनी बाइक जवाहर गुप्ता की दुकान के सामने खड़ी की थी।
इसी दौरान डिलहा निवासी एक किशोर अपनी कार से वहां पहुंचा और उसकी कार का बाइक के लेगगार्ड से हल्का टकराव हो गया। जब विजय ने किशोर से वाहन सावधानी से चलाने को कहा, तो आरोपी किशोर ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
घर से कट्टा लाकर दो राउंड की फायरिंग
विवाद बढ़ने पर किशोर अपने घर गया और कट्टा लेकर लौट आया। उसने मौके पर दो राउंड फायरिंग की। लोगों के शोर मचाने पर सुभाष मिश्रा और लवकुश मिश्रा ने बीच-बचाव किया। जाते समय आरोपी ने धमकी दी कि “आज तो बच गए, अगली बार जान से खत्म कर दूंगा।”
पुलिस ने किशोर को हिरासत में लिया
नईगढ़ी पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी किशोर के खिलाफ अपराध क्रमांक 493/25 दर्ज किया है। उस पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 125, 351(3) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया है और कट्टा भी बरामद कर लिया है।
एक अन्य मामले भी था फरार
पुलिस जांच में सामने आया है कि यही किशोर जून माह में खैरहाई गांव में हुए पिस्टल हमले के एक अन्य मामले (अपराध क्रमांक 256/25) में भी फरार चल रहा था। उस मामले में भी उसने गोली चलाने और जान से मारने की धमकी दी थी।
पुलिस ने अब दोनों मामलों को आपस में जोड़कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।