रीवा जिले में लीवर संबंधी बीमारियों की समय रहते पहचान के लिए चार दिवसीय निशुल्क फाइब्रोस्कैन शिविर लगाए जा रहे हैं। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को जांच की सुविधा घर के पास ही उपलब्ध होगी।
.
यह स्वास्थ्य अभियान उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल की पहल पर शुरू किया गया है। कलेक्टर प्रतिभा पाल स्वयं इसकी मॉनिटरिंग कर रही हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक जांच सुविधा पहुंच सके।
अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में हो रहा आयोजन
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव शुक्ला ने बताया कि शिविर जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें लोगों को लीवर की कठोरता और वसा की मात्रा (फैटी लिवर) की अत्याधुनिक फाइब्रोस्कैन जांच पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध है।
शिविर में डॉक्टरों की टीम जांच कर रही है।
8 नवंबर को 122 लोगों ने लिया लाभ
8 नवंबर को जिला चिकित्सालय रीवा, त्योंथर और मऊगंज के अस्पतालों में लगे शिविर में 122 नागरिकों की जांच की गई। इससे लीवर संबंधी गंभीर बीमारियों की शुरुआती पहचान में मदद मिली।
आज सिरमौर और जवा में जांच
9 नवंबर को यह शिविर सिरमौर और जवा विकासखंड में आयोजित किया गया है। यहां आने वाले नागरिकों की फाइब्रोस्कैन जांच की जाएगी।