जबलपुर रेलवे स्टेशन पर मारपीट का एक वीडियो सामने आया है। जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे प्लेटफॉर्म पर वेंडरों ने एक यात्री के साथ जमकर मारपीट की, जिसका वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
.
घटना के बाद जीआरपी टीम मौके पर पहुंची और एक वेंडर को हिरासत में लिया है। वहीं इससे कुछ महीने पहले भी एक युवक को सिर्फ दो समोसे के लिए वेंडर ने पीटा था और उसकी घड़ी जबरन उतरवा ली थी। तब रेलवे ने वेंडर का लाइसेंस निरस्त कर कार्रवाई की थी। इसके बावजूद वेंडरों का रवैया नहीं बदला। इससे पहले भी 15 जुलाई और 17 अक्टूबर को यात्रियों के साथ मारपीट के मामले सामने आ चुके हैं।
मामूली बात पर बढ़ा विवाद
शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे जब मुंबई-बनारस महानगरी एक्सप्रेस जबलपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 से रवाना होने वाली थी, तभी दो से तीन वेंडर ट्रेन का दरवाजा जबरन खोलकर एक यात्री को बाहर निकालने लगे। इस दौरान अवैध वेंडरों ने गाली-गलौच भी की।
जानकारी के मुताबिक, वेंडर ट्रेन के अंदर सामान बेच रहे थे, तभी एक यात्री को धक्का लग गया। यात्री ने उन्हें देखकर चलने की नसीहत दी, जिस पर वेंडर भड़क गया और विवाद शुरू हो गया। कुछ देर बाद वेंडर ट्रेन से उतरकर अपने साथियों को बुला लाया। इसके बाद उन्होंने मिलकर ट्रेन के दरवाजे पर ही यात्री के साथ मारपीट की और उसे नीचे उतारने की कोशिश की। करीब पांच मिनट तक हंगामा चलता रहा। मौके पर मौजूद जीआरपी कर्मियों ने बीच-बचाव कर एक वेंडर को पकड़ लिया और उसे थाने ले गए। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पहले भी कर चुके हैं गुंडागर्दी
इससे पहले 15 जुलाई को भी वेरावल–जबलपुर सोमनाथ एक्सप्रेस (11463) में वेंडरों की गुंडागर्दी का मामला सामने आया था। ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री ने रेल मंत्री को ट्वीट कर खाने और पानी की बोतलें ज्यादा दाम पर बेचने की शिकायत की थी। शिकायत के कुछ देर बाद वेंडर उस यात्री के कोच में पहुंचे और उसकी सीट पर जाकर बेरहमी से पिटाई कर दी।
यह घटना वडोदरा रेल मंडल के अंतर्गत गोधरा स्टेशन के पास हुई थी। वीडियो वायरल होने के बाद महिला यूजर दिव्या गौरव त्रिपाठी ने एक्स (X) पर इस मामले की जानकारी साझा कर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद रेलवे ने ट्वीट को रिट्वीट करते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया था। वडोदरा मंडल को एफआईआर दर्ज कर संबंधित कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश भी जारी किए गए थे।
कलाई से घड़ी उतरवा ली थी
17 अक्टूबर को जबलपुर रेलवे स्टेशन पर वेंडर की गुंडागर्दी का चौंकाने वाला मामला सामने आया था। प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर समोसा बेचने वाले वेंडर ने ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री की कॉलर पकड़कर उसकी कलाई से घड़ी उतार ली। जानकारी के अनुसार, यात्री ने वेंडर से समोसा खरीदा था और यूपीआई से भुगतान करने की कोशिश की, लेकिन ट्रांजैक्शन फेल हो गया। इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी, और जब यात्री ट्रेन में चढ़ने लगा, तो वेंडर ने उसे रोक लिया और जबरन उसकी घड़ी छीन ली।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले में जबलपुर के DRM ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी वेंडर संदीप गुप्ता की पहचान की। RPF ने उसे गिरफ्तार कर उसका लाइसेंस निरस्त किया और एक लाख रुपए का जुर्माना लगाया।