नई दिल्ली. भारत में लंबे समय तक ऑटोमोटिव क्षेत्र में छोटी कारों का दबदबा रहा है. मारुति सुजुकी 800, हुंडई सैंट्रो और टाटा इंडिका जैसी छोटी कारें बड़े पैमाने पर लोगों की पसंद रही हैं. हालांकि अब अपेक्षाकृत बड़ी कारें बाजार में हावी हो रही हैं, लेकिन एक मॉडल ऐसा है जिसने सभी बिक्री रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और ऐसी ऊंचाइयों को छू लिया है जो शायद फिर कभी नहीं देखी जाएंगी. वह मॉडल है मारुति सुजुकी ऑल्टो.
25 साल पहले हुई लॉन्च
मारुति सुजुकी इंडिया ने ऑल्टो को 2000 में लॉन्च किया था. और बाकी, जैसा कि कहते हैं, इतिहास है. अब तक, देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी ने इस एंट्री-लेवल मॉडल के 47 लाख यूनिट्स बेचे हैं. ऑल्टो 2005 से 2017 तक लगातार 13 सालों तक भारत की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही. यह 2019 में फिर से सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बनी.
2023 में हुई बंद
हालांकि, मारुति सुजुकी ने 2023 में ऑल्टो 800 को लगभग 35 लाख यूनिट्स बेचने के बाद बंद कर दिया, लेकिन, ऑल्टो K10 ने इसकी विरासत को आगे बढ़ाया. इस मॉडल को अपने सेगमेंट में प्रतिस्पर्धी बनाए रखने के लिए, मारुति सुजुकी ने हाल ही में गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) दरों के समायोजन के बाद इसकी कीमतें कम कर दी हैं. ऑल्टो K10 अब 3,69,900 रुपये से शुरू होकर 5,44,900 रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है.
1.0-लीटर 3-सिलेंडर K10C इंजन
ऑल्टो K10 में 1.0-लीटर 3-सिलेंडर K10C इंजन है, जो 68bhp की अधिकतम पावर और 91Nm का पीक टॉर्क विकसित करता है. ट्रांसमिशन विकल्पों में 5-स्पीड MT और 5-स्पीड AMT शामिल हैं. इसमें CNG विकल्प भी है (56bhp और 82Nm) के साथ 5-स्पीड MT. ज्यादातर मारुति सुजुकी कारों की तरह, ऑल्टो K10 भी अपने बेहतरीन माइलेज के लिए जानी जाती है. ऑल्टो K10 की माइलेज पेट्रोल MT के लिए 24.39kmpl, पेट्रोल AMT के लिए 24.90kmpl और CNG MT के लिए 33.40kmpkg बताई जाती है.
वैगन आर और स्विफ्ट से आगे
बेहतरीन माइलेज के अलावा, ऑल्टो K10 एंट्री-लेवल मॉडल के लिए भी बढ़िया फीचर्स ऑफर है. इसमें 7-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम है जो एंड्रॉइड ऑटो और एप्पल कारप्ले को सपोर्ट करता है, मल्टी-फंक्शन स्टीयरिंग व्हील, छह एयरबैग्स, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, ABS के साथ EBD और रिवर्स पार्किंग सेंसर शामिल हैं. हाल ही में, मारुति सुजुकी ने 3 करोड़ यूनिट्स की कुल डोमेस्टिक माइल स्टोन अचीव किया, जिसमें ऑल्टो ब्रांड का योगदान सभी कारों में सबसे अधिक और अन्य मॉडल्स जैसे वैगनआर (34 लाख यूनिट्स) और स्विफ्ट (32 लाख यूनिट्स) से काफी आगे रहा.