सीहोर कलेक्टर ने 42 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को किया सम्मानित: बालागुरू के. ने कहा- सेवानिवृत्ति अंत नहीं, समाजसेवा और नई भूमिका की शुरुआत – Sehore News

सीहोर कलेक्टर ने 42 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को किया सम्मानित:  बालागुरू के. ने कहा- सेवानिवृत्ति अंत नहीं, समाजसेवा और नई भूमिका की शुरुआत – Sehore News


सीहोर कलेक्टर बालागुरू के. ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित एक समारोह में 42 सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्हें पीपीओ (पेंशन पेमेंट ऑर्डर) भी प्रदान किए गए।

.

कलेक्टर ने कहा कि शासकीय सेवा से सेवानिवृत्ति जीवन का अंत नहीं, बल्कि एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने जोर दिया कि सेवानिवृत्त व्यक्ति अपने अनुभवों और ज्ञान का उपयोग समाज तथा नई पीढ़ी के हित में कर सकते हैं।

उन्होंने सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशासन की अमूल्य पूंजी बताया। कलेक्टर ने उन्हें सामाजिक कार्य, पर्यावरण संरक्षण, जनजागरूकता और सेवा कार्यों में सक्रिय रहने का आग्रह किया। उन्होंने गीता के ‘कर्म ही जीवन का सार है’ सिद्धांत का भी उल्लेख किया।

कलेक्टर ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके दीर्घ और सफल सेवाकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह में विभिन्न विभागों के 42 सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों को साल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला कोषालय अधिकारी नेहा सिंघई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



Source link