बीएल संतोष की सीएम, हेमंत, हितानंद संग दो घंटे चर्चा: निगम- मंडलों और प्रदेश कार्यसमिति के नामों पर हुआ मंथन – Bhopal News

बीएल संतोष की सीएम, हेमंत, हितानंद संग दो घंटे चर्चा:  निगम- मंडलों और प्रदेश कार्यसमिति के नामों पर हुआ मंथन – Bhopal News


बिहार विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद ही एमपी में राजनीतिक नियुक्तियों का दौर शुरु हो सकता है। बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने सोमवार को दिन भर एमपी बीजेपी के संगठन् और सरकार से जुडे़ मसलों पर दिग्गजों के साथ मंथन किया।

.

बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में सीएम डॉ मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के साथ करीब दो घंटे तक लंबी चर्चा की।

बिहार चुनाव परिणाम के बाद राजनीतिक नियुक्तियों पर मंथन बीएल संतोष के साथ हुई बैठक में एमपी के निगम-मंडल,बोर्ड और आयोगों के साथ ही प्रदेश स्तर से लेकर जिला स्तर तक बनने वाली समितियों में पूर्व मंत्रियों, पूर्व विधायकों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ ही जिला स्तर के कार्यकर्ताओं को एडजस्ट करने पर भी चर्चा हुई है। बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद ये राजनीतिक नियुक्तियां शुरू करने की तैयारी चल रही है। इस बैठक में इस बात पर चर्चा हुई है कि लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी में शामिल हुए दूसरे दलों के प्रभावशाली नेताओं को कहां किस स्तर पर एडजस्ट किया जा सकता है।

प्रदेश कार्यसमिति पर भी चर्चा बीजेपी की प्रदेश कार्यकारिणी घोषित हो चुकी है। अब महिला मोर्चा और युवा मोर्चा में प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्तियों के साथ ही प्रकोष्ठ के संयोजकों की नियुक्तियां होनी है। इसके साथ ही प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों की भी लिस्ट घोषित होनी है। इसमें क्षेत्रवार और जातीय संतुलन बनाते हुए नेताओं को शामिल किया जाएगा।

एसटी वर्ग के सांसदों, विधायकों, पदाधिकारियों के साथ बैठक की

बीएल संतोष ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में आदिवासी वर्ग के विधायकों, सांसदों, मंत्रियों और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ आयोजित कार्यशाला में भाग लिया। इस कार्यशाला में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर 1 नवंबर से 15 नवंबर 2025 तक पूरे मध्यप्रदेश में विशेष स्मृति आयोजन हो रहे हैं। मध्यप्रदेश में भी ग्राम पंचायत से लेकर राजधानी स्तर तक विभिन्न गतिविधियां संचालित होंगी। जबलपुर और अलीराजपुर में भव्य कार्यक्रम होंगे।

इस दौरान प्रदेश में महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भूमिपूजन, शिलान्यास, हितग्राही मूलक योजनाओं का हितलाभ वितरण आदि कार्यक्रम किए जाएंगे। कर्मयोगी अभियान, पीएम जनमन एवं धरती आबा अभियान तथा योजनातंर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन, स्वास्थ्य जागरूकता व स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों का आयोजन, विकासखंड स्तर पर रैली एवं यात्राएं निकालने के साथ जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों, महानायकों पर जिला स्तरीय संगोष्ठियां और सम्मेलन, जनजातीय खेल, क्राफ्ट, व्यंजन, लोककला, सफलता की कहानी, लोकनृत्यों पर आधारित मेलों का आयोजन किए जाएंगे। जनजातीय युवाओं का सम्मान, स्व-सहायता समूहों का सम्मेलन, हस्तशिल्प प्रदर्शनी, लोक कलाओं का आयोजन, जनजातीय संस्कृति एवं जनजातीय कल्याण के कार्यों का प्रचार-प्रसार एवं मंडला में विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा सम्मेलन, अलीराजपुर में भगोरिया महोत्सव, छिंदवाड़ा में भारिया सम्मेलन, पातालपानी में टंट्या मामा बलिदान दिवस और सतना में माता शबरी जयंती सम्मेलन जैसे आयोजनों की भी योजना बनाई गई है।

सीएम ने रथ को दिखाई हरी झंडी

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में 11 नवंबर से 15 नवंबर तक प्रदेश के 24 जिलों के 47 विधानसभा क्षेत्रों में रैलियां निकाली जाएंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके एवं सावित्री ठाकुर ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में रैली रथ को हरी झंडी दिखाकर जिलों के लिए रवाना किया। इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री विजय शाह, संपतिया उइके, प्रदेश महामंत्री व सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी, लता वानखेड़े, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज टेकाम, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



Source link