निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर तहसील मुख्यालय में पट्टाधारी किसानों का अनशन मंगलवार शाम 6वें दिन समाप्त हो गया। यह अनशन 6 नवंबर से चल रहा था। किसानों ने दबंगों के जमीन पर कब्जे के खिलाफ यह विरोध प्रदर्शन किया था।
.
पृथ्वीपुर क्षेत्र के सिमरा वृत्त के अंतर्गत आने वाले भोपालपुरा गांव के दर्जनों किसानों की जमीन पर लंबे समय से दबंगों का कब्जा है। किसानों ने न्याय के लिए तहसील, एसडीएम, कलेक्टर और राजस्व विभाग तक शिकायतें की थीं। प्रशासन ने इन शिकायतों पर आठ अलग-अलग आदेश जारी किए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
प्रशासन की कार्रवाई न करने के विरोध में किसानों ने 6 नवंबर से पृथ्वीपुर तहसील मुख्यालय के बाहर अनशन शुरू किया था। विरोध जताने के लिए किसानों ने प्रशासन ने जारी उन आठ आदेशों की फोटोकॉपी से ‘झालर’ बनाकर पहनी और टेंट पर सजाया था, जो पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया।
छठे दिन पृथ्वीपुर के एसडीएम स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी शिकायतों पर अब प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम के इस आश्वासन के बाद पट्टाधारी किसानों ने सामूहिक रूप से धरना और अनशन समाप्त करने की घोषणा की। इस दौरान किसानों ने कहा कि यदि इस बार भी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे फिर से आंदोलन करेंगे।
