Rewa News: होमवर्क न करने पर टीचर ने चौथी क्लास की बच्ची का किया ऐसा हाल, सूजी आंखें, FIR दर्ज

Rewa News: होमवर्क न करने पर टीचर ने चौथी क्लास की बच्ची का किया ऐसा हाल, सूजी आंखें, FIR दर्ज


रीवा के एक निजी स्कूल से मानवता को शर्मसार करने वाली एक बेहद गंभीर और दुखद खबर सामने आई है. यहां चौथी क्लास की एक छात्रा को केवल इसलिए बेरहमी से पीटा गया, क्योंकि उसने अपना होमवर्क पूरा नहीं किया था. घटना सोमवार की है, जिसका दर्द मंगलवार को बिछिया थाने पहुंचा. इस पिटाई में मासूम छात्रा की एक आंख बुरी तरह सूज गई और उसके सिर पर भी गंभीर अंदरूनी चोटें आईं.

पीड़ित छात्रा के पिता ने जब इस अमानवीय कृत्य की शिकायत स्कूल प्रबंधन से करनी चाही, तो कहानी ने एक नया मोड़ ले लिया. पिता का आरोप है कि जब उन्होंने स्कूल संचालक और प्रिंसिपल से लगातार संपर्क कर पिटाई की वजह जाननी चाही, तो उल्टा स्कूल प्रबंधन ने ही उनके खिलाफ बिछिया थाने में शिकायत दर्ज करा दी.

सोशल मीडिया पर खुलासे के बाद उलटा वार
पिता ने बताया कि स्कूल प्रबंधन ने जब उनकी शिकायत नहीं सुनी और मामले को दबाने की कोशिश की, तो उन्होंने सोशल मीडिया पर पूरी घटना साझा कर दी. इस पर लोगों की कड़ी प्रतिक्रियाएं आईं. पिता ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन ने अपनी करतूत छिपाने के लिए, सोशल मीडिया पर आए कुछ आपत्तिजनक कमेंट्स को आधार बनाकर, उनके खिलाफ ही बिछिया थाने में लिखित तहरीर दे दी.

पीड़िता छात्रा ने पुलिस को जो बयान दिया, वह सुनने वालों का कलेजा कंपा देता है. उसने बताया कि मुझे बहुत बेरहमी से मारा. मारा मारकर मेरा गाल लाल कर दिया. मेरे सिर पर गंभीर चोट आई है. अंदरूनी चोट लगी है, जिसकी वजह से दर्द लगातार बना रहता है.” छात्रा की मेडिकल रिपोर्ट में भी सिर पर अंदरूनी चोट और आंख सूजने की पुष्टि हुई है.

टीचर पर केस दर्ज, एबीवीपी ने दी चेतावनी
पेरेंट्स ने मंगलवार सुबह थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. वहीं, स्कूल प्रबंधन ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वे सभी बच्चों और उनके पैरेंट्स से अच्छा व्यवहार करते हैं.

बिछिया थाना प्रभारी मनीषा उपाध्याय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की. उन्होंने बताया कि छात्रा की शिकायत पर विज्ञान शिक्षिका अनामिका के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. जांच में यह सामने आया कि शिक्षिका ने छात्रा को कई बार थप्पड़ मारे और कॉपी के कोने से भी प्रहार किया. मेडिकल रिपोर्ट में आँख सूजन और कान से खून आने की बात भी सामने आई. इसी आधार पर शिक्षिका के खिलाफ धारा 115(2) और 82 के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है.

इस बीच, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने इस घटना को गंभीर बताते हुए जिला शिक्षा अधिकारी पर लापरवाही का आरोप लगाया है. एबीवीपी के जिला संयोजक पीएन पांडेय ने चेतावनी दी है कि “यदि इस मामले में सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो परिषद उग्र आंदोलन करेगी.” यह घटना एक बार फिर स्कूलों में बच्चों के प्रति होने वाली क्रूरता और कॉर्पोरल पनिशमेंट पर गंभीर सवाल खड़े करती है.



Source link