खरगोन जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) काम में लापरवाही बरतने पर दो शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इनमें से एक बीएलओ शिक्षिका को निलंबित किया गया है, जबकि दूसरे शिक्षक पर कार्रवाई प्रस्तावित है।
.
यह कार्रवाई जनजातीय कलेक्टर भव्या मित्तल के निर्देश पर जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त इकबाल हुसैन ने की। देवलगांव की बीएलओ शिक्षिका सपना कर्मा को निलंबित किया गया है।
सहायक आयुक्त ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-185 खरगोन के मतदान केंद्र क्रमांक-394 की बीएलओ सपना कर्मा को एसआईआर में लापरवाही के लिए निलंबित किया गया है। वह देवलगांव के प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ हैं।
शिक्षिका पर ईआरओ नेट पोर्टल पर पंजीकरण न कराने, बैंक खाता पासबुक, आधार कार्ड और मतदाता परिचय पत्र की छायाप्रति तहसील कार्यालय खरगोन की निर्वाचन शाखा में जमा न कराने का आरोप है। इसके अतिरिक्त, वह बीएलओ प्रशिक्षण में बिना सूचना के अनुपस्थित भी थीं।
यह कार्रवाई मध्य प्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9(1) के तहत की गई है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें सेगांव बीईओ कार्यालय से संबद्ध किया गया है। एक अन्य शिक्षक मुबारिक खान पर भी इसी मामले में कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।