राजगढ़ जिले में बुधवार को ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में एकता पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा जीरापुर विकासखंड के ग्राम गोघटपुर से शुरू होकर आगर मालवा जिले के सोयत तक पहुंची और वहीं समाप्त हुई।
.
इस पदयात्रा में सांसद रोडमल नागर, खिलचीपुर विधायक हजारीलाल दांगी, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर और एसडीएम अंकिता जैन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण शामिल हुए। यात्रा के दौरान “भारत माता की जय” और “अखंड भारत अमर रहे” जैसे राष्ट्र एकता के नारे लगाए गए।
नेताओं ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया। वक्ताओं ने उनके दृढ़ संकल्प और संगठन क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि सरदार पटेल की दूरदर्शिता और नेतृत्व के कारण ही देश आज एक सूत्र में बंधा हुआ है।
एकता पदयात्रा का अगला चरण 13 नवंबर को आयोजित होगा। यह ब्यावरा विकासखंड के ग्राम देवलखेड़ा से शुरू होकर पुनरखेड़ी और भिलवाडिया होते हुए करनवास में संपन्न होगी। इस दौरान विभिन्न ग्रामों में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी के साथ जनजागरण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
सांसद रोडमल नागर ने लोगों को एकता का संदेश दिया।