सांची बौद्ध भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय का संस्कृति, पर्यटन एवं धर्मस्व विभाग के मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने गुरुवार शाम को दौरा किया। उन्होंने विश्वविद्यालय में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
.
मंत्री लोधी ने विश्वविद्यालय परिसर में सर्वप्रथम बोधि वृक्ष के दर्शन किए और पौधारोपण भी किया। कुलगुरु प्रो. वैद्यनाथ लाभ और कुलसचिव विवेक पाण्डेय ने बोधि वृक्ष पर उनका स्वागत किया। इसके बाद, मंत्री ने शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों से भेंट की और नए परिसर का निरीक्षण किया।
प्रशासनिक भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने सभी शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के साथ चर्चा की। बैठक में नवीन परिसर निर्माण, विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों और छात्रों की संख्या सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। मंत्री ने निर्माण एजेंसी को सुझाव दिया कि वे सभी कार्य समय पर पूरे करें और रास्तों के साथ फुटपाथ का निर्माण भी सुनिश्चित करें।

कुलगुरु प्रो. लाभ और कुलसचिव विवेक पाण्डेय की उपस्थिति में संस्कृति मंत्री ने साँची विश्वविद्यालय को हरसंभव सहायता और सुविधाएँ प्रदान करने का आश्वासन दिया। धर्मेंद्र लोधी ने कहा कि उनका संकल्प है कि साँची विश्वविद्यालय को उसकी स्थापना के अनुरूप अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जाए।
उन्होंने इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए विश्वविद्यालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया। मंत्री ने सुझाव दिया कि विश्वविद्यालय को बौद्ध अध्ययन, भारतीय दर्शन, धर्म और संस्कृति से संबंधित नए पाठ्यक्रम भी शुरू करने चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने दो पुस्तकों का विमोचन भी किया।
समीक्षा बैठक के दौरान कुलगुरु प्रो. वैद्यनाथ लाभ ने विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने संस्कृति मंत्री को इंडियन सोसायटी फॉर बुद्धिस्ट स्टडीज (आईएसबीएस) के रजत जयंती सम्मेलन में शामिल होने के लिए भी आमंत्रित किया।

