कोलकाता से आई बुरी खबर, स्टार बल्लेबाज ने चोटिल होकर छोड़ा मैदान, भारतीय फैंस को लगा जोर का झटका

कोलकाता से आई बुरी खबर, स्टार बल्लेबाज ने चोटिल होकर छोड़ा मैदान, भारतीय फैंस को लगा जोर का झटका


भारत और साउथ अफ्रीका के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में भारतीय कप्तान शुभमन गिल रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन वापस लौटे. एक शॉट के दौरान कप्तान गिल को गर्दन के पास खिंचाव महसूस हुआ, जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा है. यह घटना भारतीय पारी के 34.5 ओवर की है.

कोलकाता से आई बुरी खबर 

वॉशिंगटन सुंदर के आउट होने के बाद कप्तान शुभमन गिल क्रीज पर आए. साइमन हार्मर के दूसरे ओवर की तीसरी और चौथी गेंद पर शुभमन गिल ने कोई रन नहीं लिया. पांचवीं गेंद पर शुभमन गिल ने बैकवर्ड स्क्वेयर पर स्लॉग स्वीप लगाया. गेंद बाउंड्री पार पहुंची और अंपायर ने चौके का इशारा किया, लेकिन इस बीच गिल परेशानी में नजर आए. शॉट लगाते ही शुभमन गिल को गर्दन के पास झटका महसूस हुआ. दर्द उनके चेहरे पर नजर आ रहा था.

Add Zee News as a Preferred Source


स्टार बल्लेबाज ने चोटिल होकर छोड़ा मैदान

इस बीच फिजियो मैदान पर आए और कुछ देर चर्चा के बाद गिल को वापस मैदान से बाहर ले गए. गिल को वापस लौटता देखकर फैंस काफी चिंतित नजर आए. इसके बाद ऋषभ पंत बल्लेबाजी के लिए उतरे, जो इंग्लैंड दौरे के बाद पहली बार भारतीय टीम में नजर आ रहे हैं. पंत इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान चोटिल हुए थे, जिसके चलते उन्हें सीरीज बीच में ही छोड़नी पड़ी थी.लंबे वक्त बाद जब पंत मैदान पर बल्लेबाजी के लिए उतरे, तो कोलकाता के फैंस ने तालियों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया. पंत इससे पहले अक्टूबर में वेस्टइंडीज के विरुद्ध टेस्ट सीरीज भी नहीं खेल सके थे.

पहली पारी में भारत का कैसा है हाल?

मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, लेकिन ये फैसला मेहमान टीम पर भारी पड़ गया. साउथ अफ्रीका पहली पारी में सिर्फ 159 रन ही बना सका. इस पारी में एडेन मार्करम ने सर्वाधिक 31 रन बनाए, जबकि वियान मुल्डर और टोनी डी जोरजी ने 24-24 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने सर्वाधिक 5 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव को 2-2 सफलताएं हाथ लगीं. अक्षर पटेल ने एक विकेट अपने नाम किया. इसके जवाब में भारत ने 43 ओवरों के खेल तक 3 विकेट खोकर 131 रन बना लिए हैं. इससे पहले यशस्वी जायसवाल 12 रन, वॉशिंगटन सुंदर 29 रन और केएल राहुल 39 रन बनाकर आउट हुए. साउथ अफ्रीका की तरफ से अभी तक मार्को यानसेन, साइमन हार्मर और केशव महाराज ने 1-1 विकेट झटके हैं.



Source link