खरगोन के करही थाना क्षेत्र में खेतों से मोटरपंप चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से चोरी के दो मोटरपंप और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई है। जब्त की गई सामग्री की कुल कीमत 62 हजार रुपए बताई गई है।
.
करही टीआई राजेंद्र इंगले ने बताया कि 14 नवंबर को थाने में सूचना मिली थी कि कोगांवा और बंडेरा के खेतों से अज्ञात बदमाशों ने मोटरपंप चुरा लिए हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर से जानकारी मिली कि ग्राम कोदलाखेड़ी के अजय मानकर और पिंटू मानकर इस चोरी में शामिल हो सकते हैं। संदेह के आधार पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के दोनों मोटरपंप और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही आरोपियों को पकड़ लिया। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।