IND vs SA: साउथ अफ्रीका ने कोलकाता में भारत को 30 रन से करारी शिकस्त देकर इतिहास रचा. अफ्रीका ने 15 साल से चल रहे भारत में जीत के सूखे को खत्म किया. हर तरफ इसके ही चर्चे देखने को मिले, लेकिन इसके अलावा भी अफ्रीका की टीम ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है. साउथ अफ्रीका की टीम ने इस मैच को जीतकर अनोखा शतक भी लगा दिया है. जिसके बाद साउथ अफ्रीका की टीम भी दुनिया की सबसे खतरनाक टीमों के क्लब में शामिल हो गई है.
124 रन किए डिफेंड
दक्षिण अफ्रीका ने भारत जैसी टीम के सामने 124 रन का मामूली लक्ष्य डिफेंड कर लिया. भारतीय बल्लेबाजी फुस्स रही और पूरी टीम सिर्फ 93 रन पर सिमट गई. भारत के खिलाफ जीत हासिल करते ही दक्षिण अफ्रीका ने टेस्ट क्रिकेट के एक खास क्लब में जगह बना ली है. कोलकाता टेस्ट में भारत के खिलाफ मिली जीत टेस्ट मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका की 100वीं जीत है.
दुनिया में 4 टीमों ने किया ये कारनामा
टेस्ट क्रिकेट में पहले बल्लेबाजी करते हुए 100 या उससे अधिक जीत हासिल करने वाली दक्षिण अफ्रीका दुनिया की चौथी टेस्ट टीम बनी है. दक्षिण अफ्रीका से पहले ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और भारत इस उपलब्धि को हासिल कर चुके हैं.
टेम्बा बवुमा की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका ने पिछले दो सालों में टेस्ट क्रिकेट में असाधारण प्रदर्शन किया है. बवुमा की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025 का फाइनल ऑस्ट्रेलिया को हराकर जीता.
ये भी पढे़ं.. INDA vs PAKA: पाकिस्तान की थकी आंखों को सुकून… ‘ईद का चांद’ बनी भारत पर जीत, जूनियर्स ने इंडिया ए को मात देकर बचाई लाज
पाकिस्तान को घर में दिया चैलेंज
पिछली बार चैंपियन बनने के बाद डब्ल्यूटीसी के अगले चक्र (2025-27) की शुरुआत भी अफ्रीका की टीम ने बेहद धमाकेदार अंदाज में की है. भारत, पाकिस्तान, और श्रीलंका जैसे देशों में टेस्ट जीतना ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, और दक्षिण अफ्रीका के लिए कभी भी आसान नहीं रहा. लेकिन दक्षिण अफ्रीका के लिए ये आसान लग रहा है. 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारत दौरे से पहले दक्षिण अफ्रीका इतने ही टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए पाकिस्तान दौरे पर थी। पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज 1-1 से बराबर रही. भारत के खिलाफ भी अफ्रीका ने 1-0 से बढ़त बना ली है. दोनों टीमों के बीच दूसरा मुकाबला 22 नवंबर से गुवाहाटी में खेला जाएगा जहां दोनों टीमों में कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है.