.
समाज में जागरूकता और संगठन की भावना को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। आज की बेटियों को किसी भी प्रकार की सामाजिक कुरीतियों और अपराधों से सजग रहना चाहिए। यह बात रविवार को राष्ट्र सेविका समिति द्वारा आयोजित पथ संचलन से पूर्व कार्यक्रम की मुख्य वक्ता के रूप में लेपा आश्रम की भारती दीदी ठाकुर ने अहिल्याबाई होल्कर के जीवन ओर आदर्शों का उल्लेख करते हुए कही।
उन्होंने उद्धबोधन के माध्यम से नारी शक्ति, राष्ट्र सेविका समिति की भूमिका और समाज सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। राष्ट्र सेविका समिति द्वारा रविवार को शहर में भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उत्साह, गरिमा व पूर्ण अनुशासन के साथ हुआ। जिला कार्यवाहिका वंदना मोड़क और नगर कार्यवाहिका सीमा शर्मा ने बताया कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. रक्षा मुजाल्दे ने की।
रविवार को नूतन नगर स्थित सिद्धि विनायक मांगलिक परिसर में दोपहर तीन बजे से महिला सेविकाओं को एकत्रीकरण शुरू हुआ। शाम 5 बजे शुरू हुए पथ संचलन में बड़ी संख्या में सेविकाओं ने पूर्ण गणवेश में अनुशासन, एकता और राष्ट्रभक्ति का प्रदर्शन किया। सेविकाएं संगठित पंक्तियों में कदमताल करते हुए निर्धारित मार्ग से गुजरी।
पथ संचलन में शामिल महिला सेविकाएं विश्वसखा कॉलोनी, बिस्टान रोड, सब्जी मंडी, पोस्ट ऑफिस चौराहा, राधावल्लभ मार्केट, जवाहर मार्ग, छठी माता मंदिर, टीआईटी कॉम्प्लेक्स, बस स्टैंड, श्रीराम धर्मशाला, एसबीआई बैंक नूतननगर और संतोषी माता मंदिर से होकर गुजरी। संचलन का समापन सिद्धि विनायक मांगलिक परिसर पर हुआ। मार्ग में जगह-जगह महिलाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर सेविकाओं का स्वागत किया। सफेद गणवेश में कदमताल करती पंक्तियों ने वातावरण को अनुशासन और देशभक्ति की भावना से भर दिया। कार्यक्रम का संचालन वर्षा भटोरे ने किया।