India vs South Africa: टीम इंडिया को कोलकाता में खेले गए पहले ही टेस्ट मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 30 रन से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है. दो मैचों की टेस्ट सीरीज में साउथ अफ्रीका की टीम से 1-0 से बढ़त बना ली है. कोलकाता टेस्ट में टीम इंडिया की हार की वजह कप्तान शुभमन गिल का चोटिल होना रहा है. कोलकाता टेस्ट की पहली पारी में बल्लेबाजी के दौरान शुभमन गिल की गर्दन में खिंचाव आ गया था, जिसके बाद वह 4 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए. कोलकाता टेस्ट की दूसरी पारी में शुभमन गिल बैटिंग के लिए ही नहीं उतरे थे.
शुभमन गिल को लेकर आई बड़ी खबर
गर्दन में परेशानी की वजह से शनिवार से कोलकाता के एक हॉस्पिटल में भर्ती भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल को रविवार को डिसचार्ज कर दिया गया. अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद टीम होटल लौट आए. शुभमन गिल को ICU में रखा गया था. फिलहाल गिल की हालत स्थिर है और वह बेहतर महसूस कर रहे हैं. वह बिना किसी परेशानी के चलने-फिरने और अपनी गर्दन हिलाने में सक्षम हैं. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने अस्पताल जाकर शुभमन गिल से मुलाकात की थी.
शुभमन गिल गुवाहाटी में दूसरा टेस्ट मैच खेलेंगे या नहीं?
सौरव गांगुली अस्पताल में लगभग 15 मिनट रुके थे. जानकारी के मुताबिक, शुभमन टीम होटल में आराम करेंगे. बीसीसीआई की मेडिकल टीम उन पर लगातार नजर बनाए रखेगी. भारतीय कप्तान गुवाहाटी में 22 नवंबर से शुरू हो रहे अगले टेस्ट में खेलेंगे या नहीं, इस पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. इससे पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने कहा था कि शुभमन गिल की गर्दन की चोट का आकलन किया जा रहा है और फिजियो द्वारा उनकी स्थिति पर फैसला लिए जाने की उम्मीद है. उसके बाद ही अगले टेस्ट में उनकी उपलब्धता पर स्थिति स्पष्ट होगी.
पहले टेस्ट में ऋषभ पंत ने की थी कप्तानी
शुभमन गिल को पहली पारी के दौरान बल्लेबाजी करते समय गर्दन में परेशानी हुई थी. इसके बाद वह रिटायर्ड हर्ट हो गए थे. शनिवार को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. गिल की अनुपस्थिति में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने टीम की कप्तानी की थी. मैच की बात करें, तो दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 159 रन बनाए थे. जसप्रीत बुमराह ने 5 विकेट लिए थे. भारतीय टीम ने पहली पारी में 189 रन बनाकर 30 रन की बढ़त ली थी. दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीका 153 पर सिमट गई. भारत को जीत के लिए 124 रन का लक्ष्य मिला था. टीम इंडिया 93 रन पर सिमट गई और मैच 30 रन से हार गई. मैच में 8 विकेट लेने वाले दक्षिण अफ्रीकी स्पिनर सिमोन हार्मर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.