साउथ अफ्रीका ने भारत को कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट मैच में 30 रन से हराकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है. सबसे हैरानी की बात ये रही कि पहले टेस्ट में मजबूत स्थिति में होने के बावजूद भी टीम इंडिया ये मैच हार गई. भारतीय टीम को दूसरी पारी में जीत के लिए महज 124 रन का टारगेट मिला था, लेकिन टीम इंडिया महज 93 रन ही बना सकी. कप्तान गिल गर्दन में चोट की वजह से दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे. साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस टेस्ट सीरीज में भारत को एक दिग्गज बल्लेबाज की कमी खल रही है. अगर ये बल्लेबाज होता तो पहले टेस्ट में भारत नहीं बल्कि साउथ अफ्रीका की टीम को हार का मुंह देखना पड़ता. भारतीय टीम मैनेजमेंट ने इस साउथ अफ्रीका को नहीं चुनकर अपने ही पैरों पर कुल्हाड़ी मारने का काम किया है.
ये बल्लेबाज होता तो साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहला टेस्ट नहीं हारता भारत
साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत को अनुभवी बल्लेबाज करूण नायर की कमी खल रही है, जो स्पिन को बेहतर तरीके से खेलने में माहिर हैं. मिडिल ऑर्डर के धाकड़ बल्लेबाज करूण नायर को साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मौका नहीं देकर भारतीय टीम मैनेजमेंट ने बड़ी गलती कर दी. करूण नायर रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में रनों और शतकों की आग उगल रहे हैं. रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन (2025-26) में करूण नायर ने अभी तक 5 मैचों की 7 पारियों में 100.33 की बेहतरीन औसत से 602 रन बनाए हैं.
अपने ही पैरों पर टीम इंडिया ने मारी कुल्हाड़ी!
करूण नायर ने रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में 1 दोहरे शतक समेत, 2 शतक और 2 अर्धशतक जमाए हैं. करूण नायर का इस सीजन में हाईएस्ट स्कोर 233 रन रहा है. करूण नायर इस रणजी ट्रॉफी सीजन में कर्नाटक के लिए खेल रहे हैं. 1 नवंबर 2025 को केरल के खिलाफ रणजी ट्रॉफी के मैच में करूण नायर ने दोहरा शतक जड़ते हुए 233 रनों की शानदार पारी खेली थी. मौजूदा फॉर्म के आधार पर करूण नायर को भारत की टेस्ट टीम में चुना जाना चाहिए था. करूण नायर का भारत की पिचों पर खेलते हुए रिकॉर्ड बेहतरीन है और वह स्पिन गेंदबाजी को भी बहुत अच्छा खेलते हैं.
303 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली
भारतीय टीम कोलकाता टेस्ट में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 124 रन का मामूली सा टारगेट भी हासिल नहीं कर पाई और दूसरी पारी में लक्ष्य का पीछा करते हुए महज 93 रन पर ढेर हो गई. रन चेज के दौरान भारतीय टीम की बैटिंग लाइनअप में अनुभव की कमी साफ नजर आ रही थी. अगर करूण नायर यह टेस्ट मैच खेल रहे होते तो भारत नहीं बल्कि साउथ अफ्रीका की टीम को हार का मुंह देखना पड़ता. करूण नायर ने भारत के लिए 10 टेस्ट मैचों में 41.35 की औसत से 579 रन बनाए, जिसमें नाबाद 303 रनों की ऐतिहासिक पारी शामिल है. करुण ने पिछले रणजी सीजन के 9 मैचों में 863 रन बनाए थे. इसी प्रदर्शन के आधार पर लगभग 8 साल बाद उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम में वापसी की थी और उन्हें इंग्लैंड दौरे के लिए चुना गया था. हालांकि अब सेलेक्टर्स ने उन्हें टेस्ट टीम से बाहर कर दिया है.