कटनी के कोतवाली थाना क्षेत्र के आधारकाप इलाके में सोमवार तड़के खेत में रखी कटी हुई धान की फसल में आग लग गई। इस घटना में करीब 5 एकड़ धान की फसल जलकर राख हो गई।
.
पीड़ित किसान गोलू निषाद ने बताया कि उन्होंने कुल 7 एकड़ जमीन ठेके पर लेकर धान की खेती की थी। इसमें से 5 एकड़ की फसल काटकर खेत में रखी हुई थी, जबकि 2 एकड़ की फसल अभी भी खेत में खड़ी थी।
गोलू निषाद के अनुसार, वह रात करीब 11 बजे खेत से घर गए थे। तड़के करीब 4 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनकी कटी हुई फसल में आग लग गई है। जब वह खेत पहुंचे, तब तक 5 एकड़ की पूरी फसल जलकर राख हो चुकी थी।
आग से 3 लाख का नुकसान
किसान ने इस घटना में लगभग 3 लाख रुपए से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया है। घटना के बाद किसान ने जानबूझकर आग लगाए जाने का संदेह जताते हुए कोतवाली थाने में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल सका है।