कृषि बिल के खिलाफ किसानों का भोपाल में प्रदर्शन, विधानसभा घेराव से पहले पुलिस ने रोका | bhopal – News in Hindi

कृषि बिल के खिलाफ किसानों का भोपाल में प्रदर्शन, विधानसभा घेराव से पहले पुलिस ने रोका | bhopal – News in Hindi


कोरोना के कारण किसानों को गिरफ्तार नहीं किया गया

पुलिस ने बीआरटीएस (BRTS) को बंद कर दिया था. उसी बीआरटीएस में से रैली (Rally) को जाने की अनुमति दी गई.

भोपाल.राजधानी भोपाल (Bhopal) में कृषि बिल के खिलाफ किसानों (Farmers) ने प्रदर्शन किया. इसमें प्रदेश भर से आए किसान शामिल हुए. विधानसभा घेराव से पहले पुलिस ने किसानों को समझा कर लौटा दिया. किसी भी तरह का हंगामा या उपद्रव रोकने के लिए भारी पुलिस बल (Police Force) तैनात था. पूरा इलाका छावनी में तब्दील कर दिया गया था.

राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के बैनर तले भोपाल में कई जिलों के किसानों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया.यह प्रदर्शन कृषि बिल के खिलाफ था. इसमें शामिल किसानों की मांग थी कि सरकार को बिल वापस लेना चाहिए. किसान विधानसभा का घेराव करने जा रहे थे, लेकिन बोर्ड ऑफिस के पास ही सभी किसानों को पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोक दिया.प्रदर्शनकारियों ने अपनी गिरफ्तारी देने की बात की, लेकिन कोविड-19 के कारण पुलिस ने किसी को गिरफ्तार नहीं किया और उन्हें समझाइश देकर लौटा दिया. इस दौरान मौके पर पहुंचे एसडीएम ने प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लिया.

विधानसभा घेराव का था प्लान
प्रदर्शन में आए किसानों का प्लान विधानसभा को घेरने का था. आज विधानसभा का एक दिन का सत्र था. यही कारण था कि उसके आसपास धारा 144 लागू कर दी गई थी. पुलिस को जब इस बात का इनपुट मिला कि भोपाल और उसके आसपास के जिलों से किसान विधानसभा का घेराव करने भोपाल आ रहे हैं तो पुलिस ने तत्काल होशंगाबाद  रोड पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया. जितने किसान भोपाल के अंदर इंटर हुए बस वही प्रदर्शन में शामिल हो पाए, बाकी को मिसरोद के साथ दूसरे सीमावर्ती थानों में बैरिकेड लगाकर रोक दिया.शांतिपूर्ण रहा प्रदर्शन

कुल मिलाकर किसानों का आज का प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा.जितने किसान भोपाल पहुंचे थे उनमें से भी महज 80 किसानों ने बीजेपी कार्यालय के पास से रैली निकाली और वो बोर्ड ऑफिस तक ही पहुंच पायी. यहां पर बैरिकेड लगाकर पुलिस ने उन्हें रोक लिया. पुलिस ने ट्रैफिक किसी तरीके से बाधित ना हो इसके लिए भी इंतजाम किए थे. पुलिस ने बीआरटीएस को बंद कर दिया था. उसी बीआरटीएस में से रैली को जाने की अनुमति दी गई.

पुलिस का बयान
पुलिस हेडक्वार्टर एसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी गई थी कि धारा 144 विधानसभा के आसपास लगी है. ऐसे में विधानसभा के पास प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं है. यदि इसके बावजूद प्रदर्शनकारी वहां तक जाने की कोशिश करेंगे तो उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. पुलिस की चेतावनी के बाद प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और वहां से चले गए.





Source link