देवास में सोमवार शाम चौड़ीकरण कार्य के दौरान एक मकान की छत से पत्थर गिरने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला अपने बेटे के साथ बाजार से लौट रही थी, तभी यह हादसा हुआ। उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
.
जानकारी के अनुसार, पीर कराडिया शिप्रा निवासी कविता पटेल (40) अपने बेटे आयुष के साथ खरीदारी करने बाजार पहुंची थीं। तहसील चौराहा के समीप से अपने दोपहिया वाहन से गुजरते समय उनके सिर पर अचानक पत्थर आ गिरा। इस घटना में उनके सिर और हाथ की उंगली में चोटें आई हैं।
यह घटना तब हुई जब एक मकान मालिक द्वारा अपने छत और दीवार का हिस्सा तोड़ा जा रहा था। हादसे के बाद महिला को ऑटो से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बिना सुरक्षा उपायों के तोड़फोड़ कर रहे व्यक्ति को थाने ले गई। पुलिस ने बताया कि यदि पीड़ित परिवार की ओर से शिकायत दर्ज कराई जाती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।