गुना पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देश पर जिले में चल रही सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान गुना कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। हरिपुर रोड पर सोमवार शाम की गई चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की हीरो सीडी डीलक्स बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवको
.
आरोपियों से दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
दस्तावेज मांगने पर दोनों युवक गोल-मोल जवाब देने लगे, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में युवकों ने अपना नाम धर्मेंद्र उर्फ मुर्गा लोधा निवासी उमरिया रोड, और लोकेन्द्र लोधा निवासी पुरानी छावनी गुना बताया।
दोनों ने कबूल किया कि जिस मोटरसाइकिल पर वे पकड़े गए, उसे उन्होंने 16-17 नवंबर की रात चौधरी मोहल्ला से चोरी किया था। वाहन के इंजन और चेसिस नंबर की जांच में बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर एमपी 08-0347 पाया गया, जो फरियादी कमल सिंह कुशवाह की चोरी हुई मोटरसाइकिल निकली।
पूछताछ में आरोपी धर्मेंद्र ने किया खुलासा आगे पूछताछ में आरोपी धर्मेंद्र ने खुलासा किया कि पिछले वर्ष जुलाई में एचडीएफसी बैंक के सामने से चोरी की गई प्लेटिना मोटरसाइकिल भी उसी ने चुराई थी। यह मोटरसाइकिल एमपी 30- 5623 भी आरोपियों के कब्जे से बरामद कर ली गई है।
इन घटनाओं को लेकर गुना कोतवाली ने अपराध क्रमांक 623/25 और 17/25 धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज थे। पुलिस द्वारा दोनों ही मामलों में चोरी हुई बाइकें अब बरामद कर ली गई हैं और आरोपियों को हिरासत में लेकर अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।
मुख्य आरोपी धर्मेंद्र ‘मुर्गा’ लोधा आदतन अपराधी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी धर्मेंद्र उर्फ मुर्गा लोधा आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ चोरी, लूट, डकैती की तैयारी, मारपीट, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और एससी-एसटी एक्ट सहित कुल 13 प्रकरण गुना कोतवाली और कैंट थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सीपीएस चौहान, उपनिरीक्षक विजय गुड़सले, आरक्षक नरेन्द्र रघुवंशी, जितेंद्र सिंह, विनय धाकड़, दीपेश रावत और सैनिक रंजीत समर की विशेष भूमिका रही।