पुलिस ने नाबालिग को सकुशल घर पहुंचा दिया है।
ग्वालियर में एक नाबालिग छात्रा दो दिन पहले कोचिंग जाने के लिए घर से निकली थी और फिर लापता हो गई। परिजन और पुलिस की खोजबीन के बाद मंगलवार रात उसे मथुरा के वृंदावन स्थित एक होटल से सकुशल बरामद किया गया।
.
छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह अपने माता-पिता की रोक-टोक से नाराज होकर बिना बताए घर से चली गई थी। माधवगंज थाना प्रभारी दिव्या तिवारी ने बताया कि छात्रा को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने उसे समझाया और काउंसलिंग भी दी कि माता-पिता की रोक-टोक उसके भले के लिए होती है।
मोबाइल लोकेशन से मिली जानकारी
यह घटना 17 नवंबर की शाम माधवगंज के गुढ़ा इलाके में हुई। माधवगंज थाना क्षेत्र के गुढ़ा निवासी परिवार ने 17 नवंबर की रात सूचना दी कि उनकी 17 वर्षीय बेटी, जो कक्षा 12वीं की छात्रा है, सोमवार की शाम 4 बजे कोचिंग जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन तय समय 6 बजे तक वापस नहीं आई।
पहले परिजन स्वयं उसकी तलाश में जुटे, लेकिन जब कुछ पता नहीं चला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कोचिंग और घर के आसपास CCTV फुटेज खंगाले, जिससे कुछ सुराग मिले।
छात्रा की मोबाइल लोकेशन के अनुसार मंगलवार शाम वह मथुरा के वृंदावन में एक होटल में थी। पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर छात्रा को सुरक्षित बरामद किया और ग्वालियर लेकर आई।