रहटगांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अव्यवस्थाओं और स्टाफ की कमी के विरोध में स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर तीन दिन के भीतर व्यवस्थाएं सुधारने की मांग की है।
.
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि हाल ही में उचित इलाज न मिलने के कारण एक गर्भवती महिला को परेशानी हुई, जिसके बाद हरदा में उसके बच्चे की मृत्यु हो गई। यह घटना अस्पताल में लगातार स्टाफ की कमी के कारण हो रही समस्याओं को उजागर करती है।
विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए एक डॉक्टर की नियुक्ति का आदेश जारी किया है। हालांकि, ग्रामीणों की मांग है कि तीन दिनों के भीतर पर्याप्त डॉक्टर और नर्सों की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही, स्वास्थ्य केंद्र में पीएम हाउस और पैथोलॉजी की सुविधा भी शीघ्र शुरू की जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो आने वाले समय में उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।