बड़वानी में नाले से मिली नवजात बच्ची, प्रीमैच्योर डिलेवरी: हालत गंभीर; अस्पताल में भर्ती, रोने की आवाज सुन लोगों ने बचाई जान – Barwani News

बड़वानी में नाले से मिली नवजात बच्ची, प्रीमैच्योर डिलेवरी:  हालत गंभीर; अस्पताल में भर्ती, रोने की आवाज सुन लोगों ने बचाई जान – Barwani News


बड़वानी जिले के चिकलिया मलान गांव में पटेल फलिया नाले से एक नवजात बच्ची जीवित अवस्था में मिली है। बच्ची का जन्म आठ महीने में प्रीमैच्योर हुआ है और उसका वजन मात्र 1 किलो 340 ग्राम है। ग्रामीणों की सतर्कता से बच्ची को समय रहते बचा लिया गया।

.

बुधवार रात को सिलावद गांव के ग्रामीण कुमार सिंह चौहान हाट बाजार से लौट रहे थे। तभी उन्हें चिकलिया मलान के पटेल फलिया नाले की ओर से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। पास पहुंचने पर उन्होंने एक नवजात बच्ची को लावारिस हालत में नाले के किनारे ठंड में पड़ा देखा।

लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी

कुमार सिंह ने तुरंत ग्राम चिकलिया मलान के सहायक सचिव भाया चौहान को सूचना दी। कुछ ही मिनटों में भाया चौहान के साथ समाजसेवी कैलाश सोलंकी, सलीम मंसूरी और अमजद मंसूरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल सिलावद पुलिस को घटना की जानकारी दी।

बच्ची हालत गंभीर, अस्पताल पहुंचाया

कुछ ही देर में पुलिस प्रशासन, ग्रामीण और समाजसेवी घटनास्थल पर पहुंचे। नाले में पड़ी नवजात को सावधानीपूर्वक उठाकर एक निजी वाहन से सिलावद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने बच्ची को प्राथमिक इलाज दिया, लेकिन उसकी स्थिति बेहद गंभीर बताई।

डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची की हालत इतनी नाजुक थी कि थोड़ी भी देरी घातक हो सकती थी। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत जिला अस्पताल बड़वानी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लोगों ने बच्ची का बचाकर अस्पताल भेजा है।

नवजात को नाले में फेंकने की इस घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर गुस्सा है और वे मासूम को इस हाल में छोड़ने वाले की पहचान की मांग कर रहे हैं। फिलहाल, पूरा क्षेत्र बच्ची के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहा है।



Source link