अनूपपुर जिले के चचाई थाना अंतर्गत बरगवा शराब दुकान पर प्रिंट रेट से अधिक दाम पर शराब बेचने का विरोध करने पर एक ग्राहक के साथ मारपीट की गई। इस घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
.
मिली जानकारी के अनुसार, गौतम कोल बरगवा स्थित शराब दुकान पर शराब खरीदने गए थे। उन्हें 120 रुपए की बीयर 150 रुपए में दी गई। जब गौतम कोल ने इस पर आपत्ति जताई, तो सेल्समैन अनमोल राय ने कहा कि वह इसी दर पर शराब बेचता है और उसे जिससे शिकायत करनी है, वह कर सकता है।
ठेकेदार के लोगों ने सिर पर मारी बोतल
इसके बाद सेल्समैन और गौतम कोल के बीच विवाद बढ़ गया। ठेकेदार के गुर्गों ने गौतम कोल के सिर पर शराब की बोतल मार दी और राकेश बुनकर के साथ भी मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
पुलिस ने दो पक्षों के खिलाफ केस दर्ज किया
घटना की सूचना मिलने पर चचाई थाना प्रभारी सुंदरेश मरावी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। थाना प्रभारी सुंदरेश मरावी ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
लोग बोले- आबकारी विभाग नहीं कर रहा कार्रवाई
लोगों ने बताया कि जिले में एक ही ठेकेदार ने सभी शराब दुकानों का ठेका लिया हुआ है। जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले में प्रिंट रेट से अधिक दाम पर शराब बेची जा रही है।
जब ग्राहक इसका विरोध करते हैं, तो शराब ठेकेदार के गुर्गे मारपीट करते हैं, जिससे आए दिन विवाद की स्थिति बनती है। आबकारी विभाग अधिक रेट पर शराब बेचने के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।