रायसेन जिले के बेगमगंज में गुरुवार को एक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना तब हुई जब चालक गेहूं की बोवनी करने जा रहा था। हादसे में साथ मौजूद किसान गंभीर रूप से घायल हो गया।
.
जानकारी के अनुसार, किसान बुद्धा अहिरवार अपने खेत में गेहूं की बोनी कराने के लिए अर्जुन अहिरवार का किराए का ट्रैक्टर लेकर जा रहा था। ट्रैक्टर में बोवनी मशीन लगी हुई थी। दोनों खेत की ओर बढ़ रहे थे।
इसी दौरान गेहूरास गांव के पास अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया। वाहन सड़क किनारे पलटकर खाई में जा गिरा।
ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक अर्जुन अहिरवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, किसान बुद्धा अहिरवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखा गया है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जांच कर रही है।