सिंगर जुबिन नौटियाल उज्जैन पहुंचे, महाकाल के किए दर्शन: भस्म आरती में भी शामिल हुए, दिसंबर से इंडिया टूर पर निकलने वाले हैं नौटियाल – Ujjain News

सिंगर जुबिन नौटियाल उज्जैन पहुंचे, महाकाल के किए दर्शन:  भस्म आरती में भी शामिल हुए, दिसंबर से इंडिया टूर पर निकलने वाले हैं नौटियाल – Ujjain News


बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्वगायक जुबिन नौटियाल शुक्रवार को भगवान महाकाल की भस्म आरती में शामिल होने पहुंचे। जुबिन ने नंदी हॉल से भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। इस दौरान वे शिव भक्ति में लीन नजर आए।

.

तड़के करीब चार बजे जुबिन नौटियाल महाकाल मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकाल की आरती देखी। इस दौरान वे आरती में मंत्रमुग्ध दिखाई दिए। आरती के पश्चात जुबिन ने देहरी से भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया और अपने होने वाले टूर के लिए भगवान महाकाल से प्रार्थना की।

जुबिन महाकाल के बड़े भक्त हैं। करीब दो वर्ष पहले भी वे महाकाल मंदिर में होने वाली भस्म आरती में शामिल हुए थे। उस दौरान उन्होंने भजन भी सुनाया था। दर्शन के बाद महाकाल मंदिर समिति के सहायक प्रशासक आशीष पलवाडिया ने जुबिन को दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया।

दर्शन के बाद जुबिन नौटियाल ने मंदिर की दर्शन व्यवस्था की तारीफ करते हुए कहा कि वे चौथी बार महाकाल दर्शन के लिए पहुंचे हैं। भगवान महाकाल के प्रति श्रद्धा देखकर वे अभिभूत हो जाते हैं।

नंदी हॉल से जुबिन ने किए बाबा महाकाल के दर्शन।

इंडिया टूर से पहले महाकाल के दर्शन

जुबिन नौटियाल दिसंबर से इंडिया टूर पर निकलने वाले हैं। शोज की सफलता के लिए जुबिन अपने आराध्य बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लेने उज्जैन पहुंचे। जुबिन महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन के बाद मल्टी–सिटी इंडिया टूर की शुरुआत करेंगे। इसके लिए वे गुरुवार रात इंदौर पहुंच गए थे। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे वे भोपाल पहुंचेंगे।



Source link