Last Updated:
Bob Woolmer Death Mystery: वर्ल्ड कप 2007 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कोच बॉब वूल्मर की होटल रूम में मिली डेड बॉडी ने क्रिकेट जगत को झकझोर कर रख दिया था. वह जिस अवस्था में मृत पाए गए थे, उसने हत्या की ओर इशारा किया. हालांकि, वूलमर की वो कहानी आज भी क्रिकेट की दुनिया में एक अनसुलझा रहस्य बनी हुई है.
नई दिल्ली: वेस्टइंडीज की मेजबानी में हुए 2007 वर्ल्ड कप भारत और पाकिस्तान के लिए किसी सदमे जैसा ही था. भारत और पकिस्तान ट्रॉफी जीतने की रेस में तो छोड़िए ग्रुप स्टेज से ही आगे नहीं बढ़ पाई थीं. इसी टूर्नामेंट के दौरान एक ऐसी घटना हुई, जिसने क्रिकेट ही नहीं, खेल जगत को भी हिलाकर रख दिया था. यह घटना था पाकिस्तान क्रिकेट टीम के हेड कोच बॉब वूल्मर की अचानक मौत. उनकी डेड बॉडी होटल रूम में मिली थी. आइए इस पूरी कहानी के बारे में बताते हैं कि आखिर हुआ क्या था…
आयरलैंड से मिली हार और सदमे में पहुंचा पाकिस्तान
दरअसल, यह घटना हुई पाकिस्तान को आयरलैंड से मिली हार के बाद. उस समय आयरलैंड की नई-नवेली टीम से पाकिस्तान हार गई, जिसके बाद पाक की वर्ल्ड क्रिकेट में खूब किरकिरी हुई. इस शर्मनाक हार ने न केवल पाकिस्तान को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था, बल्कि टीम के भीतर तनाव का माहौल पैदा कर दिया था. यह तनाव सबसे ज्यादा महसूस हो रहा था टीम के कोच बॉब वूलमर को. इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर और एक सम्मानित कोच, वूलमर, टीम की विफलता से गहरे सदमे में थे. उन्हें पता था कि इस हार के बाद उनके कोचिंग पर सवाल खड़े होंगे.
अगली सुबह कमरे में मिली वूल्मर की डेड बॉडी
अगली सुबह यानी 18 मार्च 2007 को किंग्स्टन के जमैका पेगासस होटल में कमरा नंबर 374 से ऐसी खबर सामने आई, जिसने हर किसी को सन्न कर दिया. यह बॉब वूल्मर का कमरा था. बॉब वूलमर अपने कमरे में नहीं थे. जब होटल के कर्मचारियों और टीम के सदस्यों ने दरवाजा खोला, तो वूल्मर को बाथरूम के फर्श पर बिना कपड़ों के पाया गया. उनके मुंह से खून निकल रहा था और दीवार पर उल्टी के निशान थे. पहली नजर में यह इसे हर्ट अटैक या आकस्मिक निधन लग रहा था, क्योंकि वू्ल्मर डायबिटीज की दवाएं ले रहे थे और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
पुलिस के खुलासे ने हर किसी को चौंकाया
शुरुआत में इसे प्राकृतिक मौत माना गया, लेकिन कहानी यहां खत्म नहीं हुई. दो दिन बाद 20 मार्च को जमैका पुलिस ने एक सनसनीखेज घोषणा की. प्रारंभिक ऑटोप्सी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने घोषणा की कि बॉब वूलमर की मौत हत्या थी, जिसका कारण गला घोंटना बताया गया. इस घोषणा ने क्रिकेट जगत और इंटरनेशनल मीडिया में भूचाल ला दिया. पुलिस ने तुरंत हत्या की जांच शुरू कर दी. पाकिस्तान टीम के खिलाड़ियों और अधिकारियों से कड़ी पूछताछ की गई. यहां तक कि कई खिलाड़ियों को तीन दिनों तक रोककर रखा गया.हत्या के पीछे मैच फिक्सिंग और सट्टेबाजी का हाथ होने की अफवाहें भी आईं. कुछ लोगों ने दावा किया कि वूल्मर इन सबके बारे में एक किताब में खुलासा करने वाले थे. इन सबके बीच जांच में पुलिस का रवैया भी ढीला रहा.
मौत या हत्या? अब भी अनसुलझी है पहेली
हत्या की जांच लंबे समय तक चली, जिसमें स्कॉटलैंड यार्ड के विशेषज्ञ भी शामिल हुए. आखिरकार जून 2007 में, जमैका पुलिस ने एक बड़ा यू-टर्न लिया और घोषणा की कि वूल्मर की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई थी. यानी उनका कहना था कि हत्या नहीं हुई थी. नवंबर 2007 में जमैका में जूरी ने इस मामले में खुला फैसला सुनाया. इसका मतलब था कि जूरी मौत के कारण को लेकर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच पाई, लेकिन यह भी साफ नहीं था कि यह हत्या थी. बॉब वूल्मर की कहानी आज भी क्रिकेट की दुनिया में एक अनसुलझा रहस्य बनी हुई है. वूल्मर की जब मौत हुई थी, तब वह 58 साल के थे.
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा… और पढ़ें