USA cricketer Akhilesh Reddy has been suspended: इन दिनों टी20 विश्व कप 2026 की तैयारियां जोरों पर हैं. जल्द ही आईसीसी की तरफ से शेड्यूल जारी किया जाएगा. श्रीलंका और भारत की मेजबानी में होने वाले इस विश्व कप में अमेरिका की टीम भी हिस्सा लेगी. इस बीच अमेरिका टीम के लिए एक बड़ा झटका है. ऐसा इसलिए क्योंकि इंटरनेशनल क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने यूएसए टीम के एक स्पिनर को तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है. इस खिलाड़ी पर मैच फिक्सिंग और भ्रष्टाचार नियमों के 3 बड़े आरोप लगे हैं. ये कोई और नहीं बल्कि अखिलेश रेड्डी हैं, जो इस वक्त अबू धाबी T10 लीग 2025 में Aspen Stallions की टीम से खेल रहे थे.
आईसीसी की तरफ से रेड्डी को अपने ऊपर लगे आरोपों का जवाब देने के लिए 21 नवंबर से 14 दिन का वक्त दिया गया है. ICC ने अपने बयान में कहा कि यह मामला अबू धाबी T10 टूर्नामेंट से जुड़ा है और जांच पूरी होने तक ICC इस पर कोई और टिप्पणी नहीं करेगा.
ICC (इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल) की एंटी-करप्शन यूनिट ने अखिलेश पर तीन बड़े आरोप लगाए हैं. रेड्डी पर अनुच्छेद 2.1.1, अनुच्छेद 2.1.4 और अनुच्छेद 2.4.7 के उल्लंघन का आरोप लगा है. अखिलेश पर आरोप है कि उन्होंने मैच के नतीजे या मैच के किसी हिस्से को गलत तरीके से प्रभावित करने की कोशिश की है. उन पर यह भी आरोप है कि वे किसी दूसरे खिलाड़ी को भी इस गलत काम में शामिल करने की कोशिश कर रहे थे. इतना ही नहीं जब जांच शुरू हुई तो अखिलेश पर यह आरोप है कि उन्होंने अपने मोबाइल से चैट और डेटा डिलीट करके जांच में रुकावट डालने की कोशिश की. ये सभी आरोप आईसीसी की एंटी करप्शन यूनिट की तरफ से लगाए गए हैं.
आईसीसी ने अपने बयान में क्या कहा?
आईसीसी ने अपने स्टेटमेंट में कहा, “एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड के बेहाल्फ पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने अखिलेश रेड्डी पर ICC एंटी-करप्शन कोड के तीन उल्लंघन का आरोप लगाया है. ये आरोप यूनाइटेड अरब एमिरेट्स में चल रहे अबू धाबी T10 2025 टूर्नामेंट से जुड़े हैं. इवेंट के लिए डेजिग्नेटेड एंटी-करप्शन ऑफिशियल (DACO) के तौर पर, ICC ने एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड की तरफ से ये आरोप लगाए हैं.’ आईसीसी ने अपने स्टेटमेंट में ये भी कहा कि ‘अखिलेश रेड्डी को तुरंत सभी क्रिकेट से कुछ समय के लिए सस्पेंड कर दिया गया है. ICC डिसिप्लिनरी प्रोसेस खत्म होने तक कोई और कमेंट नहीं करेगा.’
4 मैचों में 1 विकेट
ये वही अखिलेश रेड्डी हैं, जिन्होंने 2025 के अप्रैल महीने में ही अमेरिका के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था. वो अब तक 4 मैच खेल चुके हैं. जिसमें उन्हें एक विकेट भी मिला है. 25 साल का क्रिकेटर ऑफ स्पिन बॉलिंग करता है. अगर वो तय वक्त में जवाब नहीं देते तो उन पर आईसीसी की तरफ से बड़ी कार्रवाई की जा सकती है.