सतना जिले के जैतवारा थाना क्षेत्र के मरवा गांव में बच्चों के मामूली विवाद ने शनिवार देर रात दो पक्षों के बीच गंभीर झड़प का रूप ले लिया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
.
जानकारी के अनुसार, बच्चों के बीच हुए झगड़े के बाद दोनों पक्षों के परिजन आमने-सामने आ गए। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर मारपीट की और सामान तोड़ दिया। दोनों ही पक्ष मुस्लिम समुदाय से हैं और इस विवाद ने जल्द ही तनाव का रूप ले लिया।
पुलिस को गुमराह करने के लिए आगजनी का ‘ड्रामा’
झगड़ा बढ़ने पर दोनों पक्षों पर पुलिस को भ्रमित करने के आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि एक पक्ष ने अपनी मोटरसाइकिल को खुद ही आग लगा दी, ताकि दूसरे पक्ष को दोषी ठहराया जा सके। वहीं, दूसरे पक्ष ने अपनी झोपड़ी में आग लगाकर कपड़े से बुझाने का नाटक किया। इस पूरे घटनाक्रम के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं।
दोनों पक्षों पर केस दर्ज, जांच जारी
जैतवारा थाना प्रभारी अभिषेक पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ मारपीट, आगजनी और धमकी देने के आरोपों के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस वीडियो फुटेज और बयान लेकर घटना की विस्तृत जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।