सीएम से मिले जनप्रतिनिधि और जिलाध्यक्ष।
खंडवा में प्याज के दाम गिरने और सोयाबीन फसल की क्षति के बाद राहत राशि न मिलने पर किसानों ने विरोध किया था। रेल रोको की चेतावनी और सांसद के नाम की अर्थी तक निकाली गई थी। अब इन्हीं किसानों को मंगलवार दोपहर भोपाल में मुख्यमंत्री आवास पर सीएम डॉ. मोहन या
.
भोपाल में मुख्यमंत्री आवास पर हुई मुलाकात के दौरान सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के अलावा भाजपा निमाड़ संभाग प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, जिलाध्यक्ष राजपालसिंह तोमर, खंडवा विधायक कंचन तनवे, पंधाना विधायक छाया मोरे, मांधाता विधायक नारायण पटेल, छैगांवमाखन जनपद अध्यक्ष महेंद्रसिंह सावनेर मौजूद रहे। वहीं किसान प्रतिनिधियों में त्रिलोक पटेल, जय पटेल, सुभाष पटेल प्रमुख थे, जो कि स्वतंत्र किसान जन आंदोलन का नेतृत्व कर रहे थे।
किसान प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री से किसानों ने 5 मांगे रखी
1. प्याज का उचित मूल्य: किसानों ने कहा कि बाजार में प्याज के भाव बेहद कम हैं, इसलिए इसका उचित मूल्य तय किया जाए।
2. रोटावेटर से प्याज नष्ट करने वाले किसानों को राहत: जिन किसानों ने नुकसान के कारण रोटावेटर से प्याज की फसल नष्ट की है, उन्हें विशेष राहत पैकेज के तहत मुआवजा देने की मांग की गई।
3. सोयाबीन फसल की क्षति का मुआवजा: सोयाबीन की फसल खराब होने के बावजूद कई किसानों को राहत राशि नहीं मिली है। उन्होंने जल्द मुआवजा देने का अनुरोध किया।
4. मक्का की समर्थन मूल्य पर खरीद: किसानों ने मक्का को समर्थन मूल्य पर खरीदने की मांग रखी।
5. खंडवा में प्याज प्रसंस्करण इकाई: खंडवा जिले में प्याज प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने का अनुरोध किया गया ताकि किसानों को प्याज के कम दाम मिलने पर अपनी उपज का सही मूल्य मिल सके।
मुख्यमंत्री ने किसानों को दिया आश्वासन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि खंडवा जिले के किसानों को जल्द ही विशेष राहत पैकेज मिलेगा और अन्य समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा। उन्होंने खंडवा कलेक्टर से इस मामले पर चर्चा करके किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया।