IND vs SA 2nd Test: साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया बैकफुट पर है. कोलकाता टेस्ट हारने के बाद अब गुवाहाटी में भी करारी शिकस्त सामने नजर आ रही है. टेम्बा बावुमा की टीम ने भारत के सामने 549 रनों का लक्ष्य रखा है. इस टारगेट को हासिल करना तो दूर की बात अगर ऋषभ पंत एंड कंपनी इस टेस्ट को ड्रॉ भी कराती है तो ये बहुत बड़ी बात होगी. चौथे दिन के स्टंप्स तक भारत ने दूसरी पारी में 27 रन पर दो विकेट खो दिए. दोनों ओपनर यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल पवेलियन लौट चुके हैं और फिलहाल क्रीज पर साई सुदर्शन (02 रन) और नाइट वाचमैन कुलदीप यादव (04 रन) हैं.
गुवाहाटी टेस्ट के आखिरी दिन जब टीम इंडिया मैच बचाने उतरेगी तो फैंस की नजर साई सुदर्शन पर टिकी होगी. उनके टेस्ट के लिए ये दिन काफी अहम साबित हो सकता है. अगर वो रन बनाने में कामयाब होते हैं, तब उनकी जगह बच सकती है, मगर फेल हुए तो पत्ता कटना लगभग तय है.
साई सुदर्शन का बड़ा इम्तेहान
IPL 2025 में धमाल मचाने के बाद साई सुदर्शन की किस्मत बदली और उन्हें डायरेक्ट टेस्ट टीम के लिए टीम इंडिया में बुलावा आया. उम्मीद थी कि वो सबसे लंबे फॉर्मेट में भी दमदार प्रदर्शन करेंगे, लेकिन अभी तक वो बिल्कुल बेदम साबित हुए हैं. इंग्लैंड दौरे पर भी वो कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे और अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भी वो पहली पारी में फ्लॉप रहे.
साई सुदर्शन का टेस्ट करियर
बाएं हाथ के बल्लेबाज साई सुदर्शन ने अब तक भारत के लिए 6 टेस्ट खेले हैं. 10 पारियों में उन्होंने 28.8 की औसत से 288 रन बनाए हैं. गुवाहाटी टेस्ट की पहली पारी में वो 15 रन बनाकर आउट हुए थे. बेंच पर देवदत्त पडिक्कल और टीम से बाहर करुण नायर, ऋतुराज गायकवाड़ और सरफराज खान जैसे खिलाड़ी अपने मौके का इंतजार कर रहे हैं. ऐसे में साई सुदर्शन के लिए गुवाहाटी टेस्ट का आखिरी दिन किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है.
IND vs SA: एक नजर में देखें गुवाहाटी टेस्ट का हाल
साउथ अफ्रीका (पहली पारी) – 489 रन
भारत (पहली पारी) – 201 रन
साउथ अफ्रीका (दूसरी पारी) – 260/5, पारी घोषित
भारत (दूसरी पारी) – अब तक, 27/2
जीत के लिए अभी 522 रनों की दरकार
ये भी पढ़ें: जब आप BOSS बनते हैं तो… गंभीर पर आगबबूला हुए विराट कोहली के भाई, पोस्ट ने मचाई सनसनी